समर बूटकैंप में 100 विद्यार्थियों को वितरित किए गए प्रमाणपत्र

रोबोटिक्स, एआई, खगोल विज्ञान और ड्रोन तकनीक पर मिला आधुनिक प्रशिक्षण

अमरावती/दि.23– तापड़िया सिटी सेंटर, अमरावती में ज्ञान अप एड टेक प्रा. लि. द्वारा आयोजित रोबोटिक्स-एआई, एस्ट्रोनॉमी एवं ड्रोन टेक्नोलॉजी समर बूटकैंप के सफल समापन अवसर पर प्रमाणपत्र वितरण समारोह उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ. इस अवसर पर बूटकैंप में भाग लेने वाले 100 विद्यार्थियों को प्रमाणपत्र प्रदान किए गए.
विद्यार्थियों में विज्ञान, तकनीक, नवाचार और अनुसंधान के प्रति रुचि विकसित करने के उद्देश्य से आयोजित इस बूटकैंप में रोबोटिक्स, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई), खगोल विज्ञान और ड्रोन तकनीक जैसे आधुनिक विषयों पर सैद्धांतिक एवं प्रायोगिक प्रशिक्षण दिया गया. प्रशिक्षण के दौरान विद्यार्थियों ने विभिन्न तकनीकी परियोजनाओं, मॉडलों और प्रयोगों में सक्रिय भागीदारी करते हुए अपनी रचनात्मकता और तकनीकी कौशल का प्रदर्शन किया. कार्यक्रम में प्रमुख अतिथि के रूप में डॉ. सतीश राऊत तथा अनिता गवई-राऊत उपस्थित थीं. उन्होंने विद्यार्थियों को विज्ञान और तकनीक के क्षेत्र में उपलब्ध नई संभावनाओं का लाभ उठाकर भविष्य के लिए आवश्यक कौशल विकसित करने का आह्वान किया. उन्होंने कहा कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता, रोबोटिक्स और ड्रोन तकनीक जैसे उभरते क्षेत्रों में भविष्य में रोजगार और करियर की अपार संभावनाएं मौजूद हैं.
कार्यक्रम की अध्यक्षता सुशील बोरकर ने की. इस अवसर पर संस्थान के आदित्य बोरकर भी विशेष रूप से उपस्थित रहे. सुशील बोरकर ने विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, अनुसंधान की भावना और तकनीकी दक्षता विकसित करने के लिए संस्था द्वारा चलाए जा रहे विभिन्न शैक्षणिक उपक्रमों की जानकारी दी. समारोह के दौरान बूटकैंप में सहभागी 100 विद्यार्थियों को प्रमाणपत्र प्रदान किए गए. विद्यार्थियों ने प्रशिक्षण के दौरान सीखी गई अवधारणाओं पर आधारित मॉडल, प्रोजेक्ट और प्रायोगिक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया.
* अभिभावकों ने की पहल की सराहना
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विद्यार्थी, अभिभावक और गणमान्य नागरिक उपस्थित थे. अभिभावकों ने इस अभिनव पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, रचनात्मकता, समस्या समाधान क्षमता और आधुनिक तकनीकों के प्रति रुचि बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं. कार्यक्रम का सफल आयोजन ज्ञान अप एड टेक प्रा. लि. की पूरी टीम द्वारा किया गया. विद्यार्थियों, अभिभावकों और अतिथियों की उत्साहपूर्ण सहभागिता से यह प्रमाणपत्र वितरण समारोह यादगार बन गया.

Back to top button