‘बीजेपी नेताओं के बच्चे बन रहे टॉपर’

एमएच-सीईटी घोटाले पर आदित्य ठाकरे का बड़ा आरोप

* सरकार से मांगा जवाब
मुंबई/दि.28 – नीट और एमपीएससी परीक्षा विवाद के बाद अब महाराष्ट्र की एमएच-सीईटी परीक्षा को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं. शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे गुट) के विधायक आदित्य ठाकरे ने सीईटी परीक्षा में कथित अनियमितताओं को लेकर राज्य सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं. उन्होंने दावा किया कि कम अंक वाले कुछ छात्रों को सीईटी में अधिक पर्सेंटाइल मिले हैं और कथित घोटाले के कारण भाजपा नेताओं के बच्चे टॉपर बन रहे हैं.
आदित्य ठाकरे ने मुंबई में आयोजित पत्रकार वार्ता में कहा कि सीईटी परीक्षा में गड़बड़ी के आरोपों पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को जवाब देना चाहिए. उन्होंने नांदेड और भंडारा के कुछ मामलों का हवाला देते हुए कहा कि 12वीं में कम अंक होने के बावजूद कुछ विद्यार्थियों को सीईटी में 99 पर्सेंटाइल कैसे मिले, इसकी जांच होनी चाहिए. उन्होंने कहा, मुख्यमंत्री ने अभी तक एमएच-सीईटी घोटाले पर कोई स्पष्ट बयान नहीं दिया है. प्रवेश प्रक्रिया शुरू होने वाली है, ऐसे में सरकार को बताना चाहिए कि क्या प्रवेश प्रक्रिया को स्थगित किया जाएगा या नहीं.
* ‘सरकार युवाओं के खिलाफ काम कर रही है’
आदित्य ठाकरे ने सीजेपी आंदोलन के दौरान विद्यार्थियों पर दर्ज एफआईआर और पुलिस कार्रवाई को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि आंदोलन में शामिल छात्रों पर दर्ज मामले मुफ्त में लड़ने के लिए उनकी पार्टी तैयार है. उन्होंने आरोप लगाया कि नीट पेपर लीक के विरोध में हुए आंदोलनों में छात्रों के साथ अमानवीय व्यवहार किया गया. ठाकरे ने कहा कि नागपुर में एक छात्रा के साथ पुलिस कार्रवाई का मामला गंभीर है और इसकी जिम्मेदारी तय होनी चाहिए. ठाकरे ने कहा कि महिला विद्यार्थियों पर हुई पुलिस कार्रवाई को लेकर सरकार को जवाब देना होगा. उन्होंने आरोप लगाया कि सोशल मीडिया अकाउंट बंद करने और छात्रों को नोटिस भेजने की कार्रवाई करके सरकार दबाव बनाने की कोशिश कर रही है.

Back to top button