‘हम बैंक के अधिकारी हैं’ कहकर बुजुर्ग किसान की 8 एकड़ जमीन हड़पी

6 लोगों पर धोखाधड़ी का मामला दर्ज

अमरावती /दि.27- भातकुली तहसील के मौजा गणोरी में 70 वर्षीय किसान के साथ धोखाधड़ी का सनसनीखेज मामला सामने आया है. आरोप है कि कुछ लोगों ने खुद को बैंक अधिकारी और कर्मचारी बताकर किसान का विश्वास जीता तथा उसकी वृद्धावस्था और अशिक्षा का फायदा उठाते हुए करीब आठ एकड़ कृषि भूमि फर्जी दस्तावेजों के जरिए अपने नाम करा ली. मामले में भातकुली पुलिस ने छह आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया है.
पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार, गणोरी निवासी नंदकिशोर रामप्रसाद शर्मा (70) अपना मकान दोबारा बनवाने के लिए कृषि भूमि गिरवी रखकर बैंक से कर्ज लेना चाहते थे. इसी दौरान उनके एक परिचित ने बैंक के कथित ब्रोकर से मुलाकात कराई. आरोपियों ने स्वयं को बैंक अधिकारी और कर्मचारी बताकर किसान का भरोसा जीत लिया तथा कर्ज प्रक्रिया के नाम पर कई दस्तावेजों पर हस्ताक्षर करवा लिए. जांच में सामने आया कि गिरवी रखने के दस्तावेज तैयार कराने के बजाय आरोपियों ने फर्जी इसार पावती, खरीद-फरोख्त के दस्तावेज और अन्य कागजात तैयार कर आठ एकड़ कृषि भूमि अपने नाम दर्ज करा ली.
इस मामले में अशोक जोशी (62), श्रीनिवास राजेंद्र जोशी (दोनों निवासी नववस्ती, बडनेरा), सारासिंह मनोहरसिंह चव्हाण (अमरावती), वराह जोशी, संतोष मिश्रा और अनिल चौधरी (तीनों निवासी बडनेरा) के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया है. पीड़ित किसान को जब जमीन हड़पे जाने की जानकारी मिली, तब उन्होंने शिकायत दर्ज कराई. जांच के बाद भातकुली पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध कर आगे की जांच शुरू कर दी है. पुलिस का प्राथमिक जांच में मानना है कि आरोपियों ने किसान की कम पढ़ाई-लिखाई और वृद्धावस्था का लाभ उठाकर कर्ज के दस्तावेजों की आड़ में फर्जी खरीद-फरोख्त के कागजात तैयार किए और उनकी कृषि भूमि हड़पने की साजिश रची. मामले की विस्तृत जांच जारी है.

Back to top button