यातायात अबाधित रखने कोतवाली पुलिस ‘ऑन रोड’

थानेदार रोशन सिरसाट ने कर्मचारियों के साथ मुख्य मार्गों पर पैदल की पेट्रोलिंग

अमरावती/दि.27- राजकमल रेल्वे ब्रिज बंद रहने के कारण आये दिन श्याम चौक, जयस्तंभ चौक, जवाहर रोड का ट्रैफिक जाम हो जाता है. शाम के समय अक्सर यह नजारा देखने मिलता है. इस कारण नागरिकों को काफी परेशानी का सामना करना पडता है. इस कारण कोतवाली के थानेदार रोशन सिरसाट ने शुक्रवार 26 जून की शाम अपने दल के साथ मुख्य मार्ग व चौराहों की पैदल पेट्रोलिंग कर दुकान संचालकों को फुटपाथों पर सामान न रखने और वाहन चालकों को वाहन सडकों पर न रखने की हिदायत दी.
राजकमल रेल्वे ब्रिज बंद रहने से हमेशा जयस्तंभ चौक का ट्रैफिक जाम हो जाता है. ट्रैफिक जाम के कारण नागरिकों को काफी परेशानी का सामना करना पडता है. शाम के समय जवाहर रोड, चित्रा चौक, श्याम चौक, गांधी चौक, जयस्तंभ चौक, प्रभात चौक, सरोज चौक आदि परिसर में भारी यातायात रहता है. ऐसे में यदि ट्रैफिक जाम हो गया तो सभी को काफी परेशानी होती है. शाम के समय मुख्य मार्गों के फुटपाथों पर अनेक हाथगाडी वाले खडे होकर व्यवसाय करते है. पानीपुरी, चॉट की गाडी, कपडा विके्रता आदि की अनेक गाडियां इन प्रमुख चौराहों और मार्गों पर लगी रहती है. ऐसे में ग्राहक अपना वाहन सडक पर ही खडा रख खरीदी में लग जाते है. इस कारण मार्ग संकरे हो जाते है और यातायात बाधित होने लगता है. इस कारण कोतवाली के थानेदार रोशन सिरसाट शाम के समय अपने सहयोगी जवानों के साथ पैदल ही पेट्रोलिंग करने के लिए सडक पर उतरे. उन्होंने जयस्तंभ चौक, सरोज चौक, प्रभात चौक, तहसील कार्यालय रोड, जवाहर रोड, बापट चौक, श्याम चौक, गांधी चौक, राजकमल चौक परिसर में पैदल गश्त लगाते हुए हाथगाडी वालों को सडक पर अपनी गाडियां न लगाने और दुकानदारों को दुकान के सामने फुटापाथों पर अपना सामान न रखने की हिदायत दी. साथ ही वाहन चालकों को भी अपने वाहन ठीक तरह से खडे करने की सूचना दी, ताकि यातायात बाधित न हो सके. उन्होंने नियमों का उल्लंघन कर मनमाने तरीके से वाहन कही भी खडे रखने वालों पर दंडात्मक कार्रवाई की चेतावनी दी है.

 

Back to top button