36 साल बाद मिले सहपाठी

केएल कॉलेज की सन 90 की बैच का हुआ स्नेह सम्मेलन

* पुराने सहपाठियों की ताजा हुईं पुरानी यादें
अमरावती/दि.10- केशरबाई लाहोटी महाविद्यालय के वर्ष 1990 बैच के पूर्व विद्यार्थियों का स्नेह सम्मेलन ग्रेस इन होटल में उत्साह और उल्लास के माहौल में संपन्न हुआ. लगभग 36 वर्षों बाद अपने कॉलेज के मित्रों और सहपाठियों से मिलने की खुशी लेकर देश के विभिन्न हिस्सों से पूर्व छात्र-छात्राएं इस आयोजन में शामिल हुए.
स्नेह सम्मेलन के दौरान सभी ने अपने महाविद्यालयीन दिनों की यादों को ताजा किया. पुराने किस्से, मित्रता के संस्मरण, कॉलेज जीवन के अनुभव तथा विभिन्न मनोरंजक खेलों और गतिविधियों ने कार्यक्रम को यादगार बना दिया. लंबे अंतराल के बाद हुई इस मुलाकात ने सभी प्रतिभागियों को भावुक कर दिया और पुरानी मित्रता को नया आयाम दिया.
कार्यक्रम की सफलता के लिए हिमांशु बाविसी, दिलीप चुटलानी, डॉ. शैला निबजिया, मीना अभयंकर, राजेश दामले और हेमंत बागड़े ने कई दिनों तक अथक परिश्रम किया. उपस्थित पूर्व विद्यार्थियों ने आयोजन समिति के सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके प्रयासों के कारण सभी को स्नेह सम्मेलन के अविस्मरणीय और सुनहरे क्षणों का आनंद लेने का अवसर मिला.
कार्यक्रम में महाविद्यालय के पूर्व प्राध्यापक श्री मोहता, श्री बगा और श्री तवानी विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे. इस अवसर पर पूर्व विद्यार्थियों ने अपने शिक्षकों के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए कहा कि जीवन में मिली सफलता के पीछे उनके मार्गदर्शन और शिक्षण का महत्वपूर्ण योगदान है. शिक्षकों ने भी विद्यार्थियों से संवाद कर पुराने दिनों को याद किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की.
स्नेह सम्मेलन की यादों को संजोए रखने के लिए सभी प्रतिभागियों का सामूहिक छायाचित्र लिया गया. इस ग्रुप फोटो को कार्यक्रम की स्मृति के रूप में सभी पूर्व विद्यार्थियों को भेंट किया गया, ताकि इस ऐतिहासिक मिलन की मधुर यादें हमेशा उनके साथ बनी रहें.
36 वर्षों बाद आयोजित इस पुनर्मिलन समारोह ने न केवल पुरानी मित्रता को पुनर्जीवित किया, बल्कि सभी के मन में कॉलेज जीवन की अनमोल यादों को भी फिर से जीवंत कर दिया.

Back to top button