गर्लफ्रेंड को रास्ते से हटाने के लिए 4 लाख की सुपारी

प्रेमसंबंध बने हत्या की वजह, पति-पत्नी समेत 9 आरोपी गिरफ्तार

सक्ती (छत्तीसगढ़)/दि.3- सक्ती जिले के चर्चित पूर्णिमा चौहान हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा करते हुए पति-पत्नी समेत नौ आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस जांच में सामने आया है कि विवाहित प्रेमी और उसकी पत्नी ने मिलकर प्रेमिका की हत्या की साजिश रची थी. हत्या के लिए चार लाख रुपये की सुपारी दी गई थी और वारदात को अंजाम देने के लिए शूटर बुलाए गए थे.
* घर में घुसकर मारी थीं तीन गोलियां
26 जून को जोंगरा गांव में दो नकाबपोश युवक बिना नंबर की मोटरसाइकिल से पूर्णिमा चौहान (25) के घर पहुंचे. आरोपियों ने घर में घुसकर पहचान सुनिश्चित की और उसके बाद पूर्णिमा पर ताबड़तोड़ तीन गोलियां चला दीं. गंभीर रूप से घायल पूर्णिमा को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
* विवाहित युवक से थे प्रेम संबंध
पुलिस के अनुसार, पूर्णिमा के रायगढ़ निवासी मुरलीशंकर चौहान से प्रेम संबंध थे. दोनों आयुर्वेदिक उत्पादों के प्रचार-प्रसार का कार्य करते थे. पूर्णिमा अपने वैवाहिक संबंध टूटने के बाद मायके में रह रही थी, जबकि मुरलीशंकर पहले से विवाहित था. जांच में पता चला कि पूर्णिमा लगातार मुरलीशंकर पर विवाह का दबाव बना रही थी. इस कारण मुरलीशंकर और उसकी पत्नी चंपा के बीच विवाद बढ़ने लगे. इसी तनाव के चलते दोनों ने मिलकर पूर्णिमा की हत्या की साजिश रची.
* पोस्ट ऑफिस खाता तोड़कर दिए सुपारी के पैसे
पुलिस के मुताबिक, मुरलीशंकर और उसकी पत्नी चंपा ने झारखंड निवासी राजेंद्र महंत के माध्यम से चार लाख रुपये में हत्या की सुपारी तय की. चंपा ने अपने पोस्ट ऑफिस खाते से रकम निकालकर दो लाख रुपये अग्रिम रूप से शूटरों को दिए थे. शेष राशि वारदात के बाद बांटने की योजना थी.
* तकनीकी जांच से खुला पूरा राज
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने मोबाइल लोकेशन, कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर), सीसीटीवी फुटेज और टॉवर डंप डेटा का विश्लेषण किया. इसके आधार पर आरोपियों के ठिकाने झारखंड के जमशेदपुर और महाराष्ट्र के पुणे में चिन्हित किए गए. पुलिस टीमों ने संयुक्त कार्रवाई कर सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया.
* हथियार और नकदी बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त पिस्तौल, चार जिंदा कारतूस, दो मोटरसाइकिलें, सात मोबाइल फोन, बैंक पासबुक और 71,500 रुपये नकद बरामद किए हैं. घटनास्थल से तीन खाली कारतूस भी जब्त किए गए थे.
* नौ आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने इस मामले में मुरलीशंकर चौहान, उसकी पत्नी चंपा चौहान सहित राजेंद्र महंत, सुनील महंत, वेदप्रकाश महंत उर्फ सोनू, चंद्रशेखर महंत, राकेश महंत, गौरीशंकर सिदार और सुमित गबेल समेत कुल नौ आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है. पुलिस अधिकारियों के अनुसार, यह पूरी वारदात पूर्व नियोजित साजिश का हिस्सा थी और सभी आरोपियों की भूमिका की विस्तृत जांच जारी है.

Back to top button