कुपवाड़ में पड़ोसी का खूनी हमला, दंपती की मौत

15 वर्षीय बेटी ने बताई आंखोंदेखी

सांगली/दि.18 – कुपवाड़ के विघ्नहर्ता कॉलोनी में घर के सामने कचरा डालने को लेकर हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया. पड़ोसी फरीद अब्दुल शेख ने केसरेकर दंपती पर कथित तौर पर हथौड़ी और चाकू से हमला कर दिया. हमले में मनीषा केसरेकर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल उनके पति मोहन केसरेकर ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया. घटना 15 अगस्त की बताई जा रही है.
जानकारी के अनुसार, पुराना कुपवाड़ रोड स्थित विघ्नहर्ता कॉलोनी में केसरेकर परिवार और आरोपी फरीद शेख पड़ोसी हैं. घर के सामने कचरा डालने को लेकर दोनों पक्षों में विवाद हुआ था. इसी दौरान आरोपी ने कथित तौर पर अचानक केसरेकर दंपती पर हमला कर दिया. हमले में मोहन केसरेकर के सिर पर हथौड़ी से वार किया गया, जबकि उन्हें बचाने पहुंचीं मनीषा केसरेकर के पेट में चाकू से कई वार किए गए.
* बच्चों के सामने माता-पिता पर हमला
घटना के समय केसरेकर दंपती के बच्चे भी वहां मौजूद थे. 15 वर्षीय बेटी ने आरोप लगाया कि फरीद शेख लंबे समय से उनके परिवार को परेशान कर रहा था. उसके अनुसार, आरोपी अक्सर उन्हें इलाका छोड़कर जाने के लिए धमकाता था. घर पर पत्थर फेंकने और कचरा डालने जैसी घटनाएं भी होती थीं. बेटी ने बताया कि घटना के दिन उसके पिता के सिर पर हथौड़ी से वार किया गया. मां उन्हें बचाने के लिए आगे आईं तो आरोपी ने उनके पेट में चाकू से वार कर दिया. इस हमले में मां की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पिता को गंभीर हालत में मिरज सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया था. उपचार के दौरान उनकी भी मौत हो गई.
* आरोपी गिरफ्तार, मेडिकल कस्टडी में
मामले में पुलिस ने फरीद अब्दुल शेख को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस के अनुसार, इस मामले में फिलहाल एक ही आरोपी है. आरोपी को मेडिकल संबंधी समस्या होने के कारण मेडिकल कस्टडी में रखा गया है. सांगली के पुलिस अधीक्षक तुषार दोशी ने बताया कि घटना में महिला की पहले मौत हुई थी, जबकि घायल पुरुष की भी अब उपचार के दौरान मृत्यु हो गई है. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले से जुड़े सभी साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं. जल्द से जल्द चार्जशीट दाखिल कर मामले को न्यायालय में ले जाने का प्रयास किया जाएगा.
* बेटी ने की कड़ी सजा की मांग
माता-पिता की मौत के बाद 15 वर्षीय बेटी और उसके छोटे भाई के सिर से माता-पिता का साया उठ गया है. बेटी ने आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि अब उसके और छोटे भाई के साथ कोई नहीं बचा है. उसने आरोपी को कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग की है. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. दोहरी हत्या की इस घटना से कुपवाड़ इलाके में सनसनी फैल गई है.

Back to top button