युवक की मृत्यु में दो पर सदोष मनुष्यवध का केस

एक माह पहले हुई घटना, मां ने दी पुलिस में शिकायत

* अंबागेट में शराब दुकान के पास हुआ था झगडा
अमरावती/दि.7 – करीब एक माह पहले अंबापेठ की जायसवाल शराब दुकान के पास हुए झगडे में मित्रों द्वारा धक्का दिए जाने से मनीष की गंभीर चोट के बाद उपचार दौरान मृत्यु हो गई. इस प्रकरण में मनीष की मां की शिकायत पर पुलिस ने बीएनएस की धारा 106 (1) अर्थात सदोष मनुष्यवध का अपराध दर्ज किए जाने की जानकारी है. पुलिस ने आरोपी जब्बार उर्फ सूरज वानखडे (29, माताखिडकी) और ओम वानखडे (20, औरंगपुरा) पर मामला दर्ज किया है.
महिला की शिकायत के अनुसार उनके बेटे मनीष का जब्बार उर्फ सूरज की पत्नी से 5-6 साल पहले प्रेमसंबंध था. उसी प्रकार ओम वानखडे की बहन से भी विवाह होने के पहले प्रेमसंबंध रहा. इस कारण गत 3 जुलाई की रात 11 बजे महिला का बेटा और आरोपी सूरज वानखडे, ओम वानखडे तीनों अंबागेट में जायसवाल की देश शराब की दुकान के पास टीन शेड में खडे शराब पी रहे थे, तब पुराने प्रेमसंबंधों की वजह से जब्बार उर्फ सूरज और ओम वानखडे ने मनीष से वादविवाद किया. फिर धक्कामुक्की की. जिससे मनीष नाली के सीमेंट के कठोर हिस्से पर जा गिरा. बुरी तरह जख्मी हो गया. उसे लेकर इर्विन अस्पताल दौडे तो डॉक्टर्स ने उसकी मृत्यु हो जाने की बात कही.
महिला के शिकायत के अनुसार मनीष की मौत सूरज वानखडे और ओम वानखडे द्वारा लापरवाही से धक्कामुक्की किए जाने और उसके रीढ की हड्डी में गंभीर चोट हो जाने के कारण ही हुई है. इसलिए दोनों पर कानूनन कार्रवाई किए जाने की गुहार महिला ने की है. पुलिस ने सदोष मनुष्यवध का अपराध दर्ज कर लिया है. उपनिरीक्षक अनिता हुलावले आगे जांच कर रही है.

Back to top button