बुकिंग के बाद सात दिनों में मिल रहा सिलेंडर
देहाती भागों में अभी भी किल्लत का नजारा

* होटल, रेस्तरां में दिक्कत कायम, लकडी की भट्टी और उपकरणों का उपयोग
अमरावती/दि.30– खाडी युध्द के बाद बनी घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडर की तंगी अभी भी दूर नहीं हो पायी है. बुकिंग पश्चात उपभोक्ताओं को लगभग 7 दिनों बाद डिलेवरी प्राप्त हो रही है. जबकि आपूर्ति अधिकारी डॉ. निनाद लांडे का कहना है कि सिलेंडर की कोई कमी नहीं है. आपूर्ति सुचारू है. बुकिंग पश्चात दो तीन दिनों में डिलेवरी दी जा रही है. बुकिंग की अवधि अवश्य 35 दिन की गई हैं. दूसरी ओर अमरावती रेस्टॉरेंट एंड लॉजिंग असो. का कहना है कि केवल 20 प्रतिशत कोटे की गैस मिल रही है. वह अपर्याप्त है. जिससे लकडी की भट्टी और इलेक्ट्रीक साधनों का उपयोग बढ रहा है.
* सिलेंडर का उपयोग व्यवसायिक
एलपीजी गैस सिलेंडर घरेलू उपभोक्ताओं को समय पर नहीं मिल रहा. दूसरी ओर शहर और जिले के ग्रामीण भागों में देखा जा रहा कि एलपीजी घरेलू सिलेंडर का उपयोग अनेक व्यवसायी कर रहे हैं. अधिक पैसे देकर यह लोग घरेलू सिलेंडर खरीद रहे और बेखौफ इस्तेमाल कर रहे हैं. आरोप है कि घरेलू सिलेंडर की कालाबाजारी हो रही है.
व्यवसायों को धक्का
शहर में 150 से अधिक पंजीकृत रेस्टारेंट और होटल है. गैस आपूर्ति बंद होने से मार्च में होटल को मैन्यु सीमित करने पडे थे. तब से अनेक होटल व्यवसायियों ने पर्यायी इंधन खोज लिए, अपना लिए. गैस के अभाव में लकडी की भट्टी और इलेक्ट्रीक इंडक्शन अपनाया गया है. असो. के अध्यक्ष बिट्टू सलूजा ने बताया कि सरकार के 20 % कोटा अनुसार गैस मिल रहा है. इसके कारण लकडी की भट्टी का उपयोग कर रहे हैं. अधिक समय और गैस वाली सब्जियां मैन्यू से हटा दी गई है.





