महिला पर चाकू से जानलेवा हमला, आरोपी फरार
नांदगांव पेठ थाना क्षेत्र के शिवणगांव की घटना

अमरावती/दि.30- नांदगांव पेठ थाना क्षेत्र के शिवनगांव में बुधवार शाम एक सनसनीखेज वारदात सामने आई, जहां एक सरफिरे युवक ने घर में घुसकर एक महिला पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया. इस हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसका इलाज जिला अस्पताल के आईसीयू में जारी है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घायल महिला का नाम मीनाक्षी राजकुमार दरेकर (42) है, जबकि आरोपी की पहचान निरंजन नांदूरकर (45) के रूप में हुई है. दोनों एक ही गांव के निवासी बताए जा रहे हैं. बताया जा रहा है कि आरोपी पिछले दो-तीन वर्षों से महिला को लगातार परेशान कर रहा था. उसकी हरकतों से तंग आकर परिजनों ने उसे घर से निकाल दिया था. कुछ समय तक वह गांव से दूर रहा, लेकिन वापस आने के बाद फिर से महिला को फोन कर परेशान करने लगा. कई बार समझाने के बावजूद उसकी हरकतों में कोई सुधार नहीं आया.
घटना के दिन शाम करीब 6 बजे महिला घर में अकेली थी. इसी दौरान आरोपी शराब के नशे में उसके घर में घुस आया और चाकू से हाथ, पैर और चेहरे पर कई वार किए. अचानक हुए इस हमले में महिला बुरी तरह लहूलुहान हो गई. घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया. सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और पंचनामा किया. घायल महिला को तुरंत जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है. मामले की आगे जांच जारी है.





