शिष्यवृत्ति परीक्षा में दापोरी स्कूल का शानदार प्रदर्शन
21 में से 15 विद्यार्थी सफल

मोर्शी /दि.18– ग्रामीण क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत करते हुए मोर्शी तहसील की जिला परिषद पूर्व माध्यमिक डिजिटल केंद्र शाला दापोरी ने इस वर्ष कक्षा 5वीं की शिष्यवृत्ति परीक्षा में उल्लेखनीय सफलता हासिल की है. स्कूल के 21 विद्यार्थियों ने परीक्षा में भाग लिया था, जिनमें से 15 विद्यार्थियों ने सफलता प्राप्त कर 71 प्रतिशत परिणाम दर्ज किया.
इस सफलता में दर्शन नितीन विघे ने 224 अंक प्राप्त कर विशेष उपलब्धि हासिल की. इसके अलावा स्वरा युवराज अंधारे, समर गुलाबराव अंधारे, स्वरा भूषण उमाले, स्वरा संजय भिंगारे, सृष्टि प्रशांत कुरवडे, अंश विलास दंडाले, अक्षर विजय अंधारे, वैदेही नरेंद्र मिरासे, राशी रामदास लिखार, प्रथमेश किशोर गवई, प्रिन्सी राजू नागले, राज नरेंद्र चौधरी, वांशिक प्रफुल्ल तलकित तथा अन्वेष सुभाष कडू ने भी परीक्षा में सफलता प्राप्त कर विद्यालय का नाम रोशन किया. गौरतलब है कि यह विद्यालय पहले भी मुख्यमंत्री मेरी स्कूल, सुंदर स्कूल प्रतियोगिता में जिला स्तर पर तृतीय स्थान प्राप्त कर चुका है. विद्यालय ने एक बार फिर अपनी शैक्षणिक गुणवत्ता सिद्ध की है.
अमरावती जिला परिषद की मुख्य कार्यकारी अधिकारी संजिता मोहपात्र द्वारा दिए गए शैक्षणिक चुनौती अभियान के तहत विद्यार्थियों को शिष्यवृत्ति परीक्षा के लिए विशेष रूप से तैयार किया गया था. विद्यार्थियों की इस उपलब्धि पर डॉ. नितीन उंडे, स्वप्नील मगदूम, शिक्षा विस्तार अधिकारी श्री गायकवाड़, पूर्व मुख्याध्यापक एवं केंद्र प्रमुख गजानन चौधरी, दिनेश श्रीराव तथा नंदकिशोर लुंगे ने विद्यार्थियों के घर जाकर उनका अभिनंदन किया. विद्यालय की सफलता के पीछे मुख्याध्यापिका माधुरी घोंगडे सहित संध्या कुर्हाडे, माधुरी तायवाडे, संकेत भोरे, नितल श्रीवास, सविता शिरभाते, साक्षी चौधरी और दीपक धुर्वे का महत्वपूर्ण मार्गदर्शन रहा. ग्राम पंचायत पदाधिकारियों, स्कूल प्रबंधन समिति और अभिभावकों ने भी विद्यार्थियों की इस उपलब्धि पर खुशी व्यक्त करते हुए उनका अभिनंदन किया. विद्यालय की इस सफलता ने एक बार फिर साबित किया है कि ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है. उचित मार्गदर्शन, योजनाबद्ध तैयारी और शिक्षकों की मेहनत से वे बड़े से बड़ा लक्ष्य हासिल कर सकते हैं.





