महिला वॉलीबॉल स्पर्धा में डीसीपीई अमरावती विजेता
श्री शिवाजी महाविद्यालय में विद्यापीठ स्तरीय प्रतियोगिता का समापन

अमरावती /दि.1- श्री शिवाजी कला एवं वाणिज्य महाविद्यालय के मैदान पर आयोजित संत गाडगे बाबा अमरावती विश्वविद्यालय की अंतरमहाविद्यालयीन महिला वॉलीबॉल प्रतियोगिता एवं विश्वविद्यालय टीम चयन प्रक्रिया का उत्साहपूर्ण समापन हुआ. प्रतियोगिता 21 से 24 सितंबर तक, जबकि विश्वविद्यालय टीम के लिए चयन प्रक्रिया 25 से 27 सितंबर तक आयोजित की गई.
अमरावती, अकोला, बुलढाणा और रालेगांव चार जोन में हुई प्रतियोगिताओं के बाद अमरावती में आयोजित जोन फाइनल में डिग्री कॉलेज ऑफ फिजिकल एजुकेशन, अमरावती ने रोमांचक मुकाबले में विजेता का खिताब जीता. स्व. जवाहरलाल दर्डा कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग, यवतमाल की टीम उपविजेता रही. पुरस्कार वितरण समारोह की अध्यक्षता श्री शिवाजी कला एवं वाणिज्य महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. महेंद्र मेटे ने की. प्रमुख अतिथि के रूप में डॉ. सुभाष गावंडे, छत्रपति पुरस्कार प्राप्त वॉलीबॉल खिलाड़ी मनीषा सहस्रबुद्धे, चयन समिति के चेयरमैन डॉ. अजय चिंचमलादपुरे सहित पंच और खेल क्षेत्र से जुड़े अधिकारी उपस्थित थे. विजेता एवं उपविजेता टीमों को अतिथियों के हाथों ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया. कार्यक्रम का संचालन शारीरिक शिक्षा संचालिका डॉ. कविता वाटाणे ने किया. प्रतियोगिता और चयन प्रक्रिया के सफल आयोजन के लिए महाविद्यालय के खेल एवं शारीरिक शिक्षा विभाग तथा कर्मचारियों ने विशेष प्रयास किए.





