गैरेज संचालक पर चाकू से जानलेवा हमला
पुराने विवाद में वारदात को दिया अंजाम

* तीन आरोपी नामजद, घायल का उपचार जारी
अमरावती /दि.9 – नागपुरी गेट थाना क्षेत्र में पुराने विवाद को लेकर एक गैरेज संचालक पर चाकू से जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है. इस घटना में युवक गंभीर रुप से घायल हो गया. जिसके बाद पुलिस ने हत्या के प्रयास समेत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरु कर दी है.
जानकारी के मुताबिक यह घटना रविवार 2 जून को दोपहर करीब 3 बजे वलगांव रोड स्थित रोशन नगर क्षेत्र में हुई. इस मामले में घायल की पहचान गौस नगर निवासी शेख सद्दाम हुसैन तसलीन हुसैन (32) के रुप में हुई है. शिकायत के मुताबिक शिकायतकर्ता का गैरेज का व्यवसाय है. कुछ दिनों पहले आरोपियों ने उसके गैरेज के सामने वाहन खडा किया था. शिकायतकर्ता द्वारा वाहन हटाने के लिए कहने पर दोनों पक्षों में कहासुनी हुई थी. आरोप है कि, उसी दौरान आरोपी ने शिकायतकर्ता को तुझे देख लूंगा कहकर धमकी दी थी. घटना वाले दिन शिकायतकर्ता अपने गैरेज पर मौजूद था. तभी रोशन नगर निवासी आरोपी छोटू प्रताप (24), फज्जू (22) तथा उनके साथ एक अन्य अज्ञात युवक मोटरसाइकिल से मौके पर पहुंचे. आरोप है कि, पहले एक आरोपी ने शेख सद्दाम को धक्का देकर नीचे गिरा दिया. इसके बाद दूसरे आरोपी ने उसे पकड लिया और तीसरे आरोपी ने चाकू से हमला कर दिया. शेख सद्दाम के पेट के ऊपरी हिस्से और छाती के पास वार किए गए. वहीं एक अन्य आरोपी ने शरीर के बाएं हिस्से पर भी चाकू से हमला किया. जिससे वह गंभीर रुप से घायल हो गया. हमले के दौरान काफी खून बहने की जानकारी सामने आई है. घटना के बाद घायल को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया. नागपुरी गेट पुलिस ने हत्या के प्रयास सहित संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरु कर दी है. पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है.





