राजकमल रेलवे ब्रिज की तोडफोड का काम अंतिम चरण में

ब्रिज के पोलाद के गर्डर हटाने की प्रक्रिया जारी

अमरावती/दि.9 – शहर की यातायात व्यवस्था के लिए महत्वपूर्ण माने जानेवाले राजकमल रेलवे फ्लाईओवर के ध्वस्तीकरण का कार्य अब अंतिम चरण में पहुंच गया है. पुल के नीचे रेलवे ट्रैक के ऊपर स्थित गर्डर पूरी तरह उजागर हो चुके है और उन्हें हटाने के लिए विशेष रेलवे ब्लॉक लेना आवश्यक होगा.
जानकारी के अनुसार, यह गर्डर रेलवे को विद्युत आपूर्ति करनेवाली उच्च दाब बिजली लाइनों के ऊतर स्थित है. ऐसे में सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए रेलवे प्रशासन की अनुमति से ब्लॉक लेकर ही इन्हें हटाया जा सकेगा. पिछले कुछ समय से प्रतिदिन रात 12 बजे से सुबह 5 बजे तक ब्लॉक लेकर फ्लाईओवर तोडने का काम किया जा रहा है. अब सबसे महत्वपूर्ण चरण के रुप में गर्डर हटाने की प्रक्रिया शेष है.
पुराने फ्लाईओवर को पूरी तरह हटाने के बाद यहां नए पुल का निर्माण किया जाएगा. संरचनात्मक रुप से असुरक्षित घोषित किए जाने के कारण इस पुल को अगस्त 2025 में यातायात के लिए बंद कर दिया गया था. तब से शहरवासी नए पुल के निर्माण की प्रतीक्षा कर रहे है. फ्लाईओवर बंद होने के बाद नागरिकों को राजकमल चौक पहुंचने के लिए लगभग डेढ से दो किलोमीटर का अतिरिक्त चक्कर लगाना पड रहा है, जिससे समय और इंधन दोनों की अतिरिक्त खपत हो रही है. ऐसे में शहरवासियों की नजर अब नए पुल के निर्माण कार्य की गति पर टिकी हुई है.

Back to top button