तीन वारकरी महिलाओं की मौत
मृतकों के परिवारों को सरकार की ओर से 5-5 लाख रूपयों की मदद

* जेजुरी में आषाढ़ी वारी के दौरान भीषण हादसा, कई घायल
* वारकरियों के जत्थे में जा घुसा दिंडी में शामिल टेम्पो ट्रक
* चालक हिरासत में, संत ज्ञानेश्वर महाराज पालखी समारोह पर छाया शोक
पुणे./दि.13- आषाढ़ी वारी के दौरान पुणे जिले के सासवड-जेजुरी मार्ग पर सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन महिला वारकरियों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य वारकरी घायल हो गए. हादसा बेलसर टोलनाके के समीप साईदीप लॉज के पास उस समय हुआ, जब संत ज्ञानेश्वर महाराज की पालखी व दिंडी सासवड से जेजुरी की ओर बढ़ रही थी. दुर्घटना के बाद पालखी-दिंडी सहित वारकरी समुदाय में शोक की लहर फैल गई.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, नांदेड़ जिले के लोहा तालुका स्थित रघुनाथ महाराज पोखरबिसीकर दिंडी से संबंधित एक टेम्पो ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर महिला वारकरियों के समूह में घुस गया. तेज रफ्तार वाहन की टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि सात महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं. उन्हें तत्काल जेजुरी के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार शुरू होने से पहले ही तीन महिलाओं ने दम तोड़ दिया.
पुलिस अधीक्षक संदीपसिंह गिल ने बताया कि हादसे में जान गंवाने वाली तीनों महिलाएं सांगली जिले के मिरज तालुका क्षेत्र की निवासी थीं. मृतकों की पहचान नंदा पवार (60 वर्ष, कवलापुर), माधवी राजाराम सलगरे (55 वर्ष, मालगांव) तथा राजश्री शंकर भोसले (55 वर्ष, कसबे डिग्रज) के रूप में हुई है. घायलों में अक्काताई बबन कोली, शांता शिवबा कालकोपर, कासाबाई रास्ते, लक्ष्मी विठ्ठल गर्दे तथा एक अन्य वारकरी शामिल हैं. इनमें कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है और उनका उपचार जारी है.
बताया गया है कि सभी वारकरी 6 जुलाई को आलंदी से संत ज्ञानेश्वर महाराज पालखी के साथ पंढरपुर की ओर पैदल यात्रा पर निकले थे. जेजुरी में पालखी के आगमन के बाद श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी हुई थी. इसी दौरान यह दुखद घटना घटी. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दिंडी के साथ चल रहा वाहन अचानक नियंत्रण खो बैठा और सीधे वारकरियों के समूह में जा घुसा. कुछ प्रत्यक्षदर्शियों ने दावा किया कि हादसे में 15 से अधिक वारकरी घायल हुए, जिनमें महिलाओं की संख्या अधिक थी.
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे. दुर्घटना के बाद वाहन चालक को हिरासत में ले लिया गया है. पुलिस यह जांच कर रही है कि वाहन अचानक अनियंत्रित कैसे हुआ और क्या इसमें लापरवाही या यांत्रिक खराबी की कोई भूमिका थी. पुलिस अधिकारियों के अनुसार, दुर्घटना के सभी पहलुओं की विस्तृत जांच की जा रही है. वाहन की तकनीकी जांच भी कराई जाएगी.
बता दे कि, आषाढ़ी वारी महाराष्ट्र की सबसे बड़ी धार्मिक परंपराओं में से एक मानी जाती है. संत ज्ञानेश्वर महाराज की पालखी के जेजुरी पहुंचने पर जहां श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल था, वहीं इस दुर्घटना ने पूरे वातावरण को गमगीन बना दिया. मृत महिलाओं की खबर मिलते ही वारकरी समुदाय में शोक फैल गया और अनेक श्रद्धालुओं ने गहरा दुख व्यक्त किया.
* उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार ने किया घटनास्थल और अस्पताल का दौरा
घटना की जानकारी मिलते ही राज्य की उपमुख्यमंत्री एवं पुणे जिले की पालकमंत्री सुनेत्रा पवार तत्काल घटनास्थल पर पहुंचीं. उन्होंने पुलिस अधिकारियों, पालखी प्रमुखों और प्रशासनिक अधिकारियों से दुर्घटना की जानकारी ली तथा घायलों के उपचार के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए. इसके बाद उन्होंने अस्पताल पहुंचकर घायल वारकरियों और उनके परिजनों से मुलाकात की. सुनेत्रा पवार ने कहा कि राज्य सरकार इस कठिन समय में मृतकों के परिवारों और घायलों के साथ मजबूती से खड़ी है तथा उपचार में किसी प्रकार की कमी नहीं रहने दी जाएगी. उन्होंने सोशल मीडिया पर जारी संदेश में कहा कि सासवड-जेजुरी मार्ग पर हुई यह दुर्घटना अत्यंत पीड़ादायक और मन को झकझोर देने वाली है. मृत वारकरी महिलाओं को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उन्होंने सभी वाहन चालकों से वारकरी यात्रियों की सुरक्षा के प्रति विशेष सतर्कता बरतने की अपील की.
* रोहित पवार ने की गहन जांच की मांग
विधायक रोहित पवार ने भी दुर्घटना पर दुख व्यक्त करते हुए कहा कि दिंडी के वाहन की टक्कर से वारकरियों की मौत होना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण और चिंताजनक है. उन्होंने हादसे की निष्पक्ष और गहन जांच कराने तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस सुरक्षा उपाय लागू करने की मांग की.