स्टेट बैंक कॉलोनी में बढ़ती असामाजिक गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग

नागरिक त्रस्त क्षेत्र के नागरिकों की प्रशासन से गुहार

अमरावती/दि.3- शहर के शंकरनगर क्षेत्र स्थित स्टेट बैंक कॉलोनी, प्रमोद कॉलोनी और आसपास के इलाकों में बढ़ती असामाजिक गतिविधियों को लेकर नागरिकों ने पुलिस प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की है. स्थानीय लोगों का आरोप है कि पिछले कुछ महीनों में क्षेत्र में कानून-व्यवस्था और स्वच्छता से जुड़ी समस्याएं लगातार बढ़ रही हैं.
नागरिकों के अनुसार, शंकरनगर रोड पर एक जिम के सामने स्थित बीयर और वाइन शॉप तथा उसके सामने मौजूद ठेला क्षेत्र में प्रतिदिन शाम से लेकर देर रात तक शराबियों की भीड़ लगी रहती है. लोगों का कहना है कि सामने के खुले प्लॉट में खुलेआम शराब सेवन किया जाता है, जिससे यह क्षेत्र एक तरह के ओपन बार में तब्दील हो गया है. स्थानीय निवासियों ने यह भी आरोप लगाया है कि प्रमोद कॉलोनी स्थित युवा चेतना क्रीड़ा मंडल के मैदान में कुछ युवक देर रात तक शराब पीने, धूम्रपान करने और नशीले पदार्थों का सेवन करने जैसी गतिविधियों में शामिल रहते हैं. इसके अलावा मैदान के पास स्थित एक दुकान के पूरी रात खुले रहने से संदिग्ध गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की शिकायत भी की गई है.
नागरिकों का कहना है कि इन हालातों के कारण शंकरनगर और एकनाथपुरम क्षेत्रों में महिलाओं और परिवारों के लिए शाम के बाद सुरक्षित रूप से आवागमन करना कठिन हो गया है. इसी के साथ क्षेत्र में स्वच्छता की गंभीर समस्या भी सामने आई है. शंकरनगर श्मशान घाट के प्रवेश द्वार के सामने बड़ी मात्रा में कचरा डाले जाने की शिकायत की गई है. स्थानीय लोगों के अनुसार, कुछ व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और होटलों का कचरा तथा बचा हुआ भोजन यहां फेंका जा रहा है, जिससे दुर्गंध फैल रही है. इसके अलावा श्मशान घाट की दीवारों से सटे खुले भूखंडों पर निर्माण सामग्री का मलबा और अन्य कचरा डालकर अवैध डंपिंग की जा रही है. नागरिकों ने बताया कि यह क्षेत्र युवा स्वाभिमान कार्यालय से लगभग 100 से 150 मीटर तथा विधायक ठर्रींळ ठरपर के निवास से करीब 200 से 250 मीटर की दूरी पर स्थित है. इस संबंध में पूर्व सांसद नवनीत राणा, भाजपा महिला आघाड़ी की सुधा तिवारी तथा अन्य स्थानीय नागरिकों ने पुलिस प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर असामाजिक तत्वों पर सख्त कार्रवाई, नियमित गश्त बढ़ाने और क्षेत्र में स्वच्छता व्यवस्था सुधारने की मांग की है.

Back to top button