गीता परिवार एवं रोटरी क्लब ऑफ मिडटाउन अमरावती द्वारा बाल संस्कार शिविर
7 से 17 जून तक केमिस्ट भवन के रोटरी हॉल में आयोजन

अमरावती /दि.3- गीता परिवार एवं रोटरी क्लब ऑफ मिडटाउन अमरावती के संयुक्त तत्वावधान में बच्चों के सर्वांगीण विकास और सांस्कृतिक मूल्यों के संवर्धन हेतु प्रतिवर्ष आयोजित होने वाला बाल संस्कार शिविर इस वर्ष भी आयोजित किया जा रहा है. शिविर का आयोजन 7 जून से 16 जून तक प्रतिदिन सुबह 8 बजे से 11 बजे तक रोटरी हॉल, केमिस्ट भवन, जाफरजीन कंपाउंड, अमरावती में किया जाएगा.
आयोजकों के अनुसार 4 से 13 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों के लिए आयोजित इस शिविर में श्रीमद्भगवद्गीता के 12वें अध्याय का शुद्ध संस्कृत उच्चारण के साथ अध्ययन कराया जाएगा. इसके अलावा प्रेरणादायक कहानियां, भजन, योग, प्राणायाम, ध्यान, नैतिक शिक्षा, संस्कारवर्धक खेल, कला, नृत्य, कराटे, विविध मनोरंजक गतिविधियां तथा कलात्मक क्राफ्ट का प्रशिक्षण भी दिया जाएगा. शिविर में विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञों के व्याख्यान भी आयोजित किए जाएंगे, जिससे बच्चों को ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायक मार्गदर्शन प्राप्त होगा. आयोजकों का कहना है कि यह शिविर बच्चों में भारतीय संस्कृति, नैतिक मूल्यों और आत्मविश्वास का विकास करने का एक उत्कृष्ट माध्यम है.
शिविर से संबंधित अधिक जानकारी के लिए उर्मिला कलंत्री (9403051936), हंसा मुंधड़ा (8208541471), उमा व्यास (9834026528), सुनीता लढ्ढा (9421028283), पार्षद ललिता रतावा (8788235059) तथा अर्चना देवड़िया (9422855778) से संपर्क किया जा सकता है. आयोजकों ने अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने बच्चों को इस संस्कारमय शिविर में सहभागी बनाकर उन्हें भारतीय संस्कृति एवं जीवन मूल्यों की अमूल्य सौगात प्रदान करें.





