लखनऊ हादसे के बाद अमरावती में फायर ऑडिट की मांग

युवक कांग्रेस ने मनपा आयुक्त को सौंपा ज्ञापन

अमरावती/दि.25 – लखनऊ के एक कोचिंग सेंटर में हुई भीषण अग्निकांड की घटना के बाद अमरावती विधानसभा युवक कांग्रेस ने शहर की सभी व्यावसायिक इमारतों का तत्काल फायर ऑडिट कराने की मांग उठाई है. संगठन ने अमरावती मनपा आयुक्त वर्षा लढ्ढा को ज्ञापन सौंपकर कोचिंग सेंटर, अभ्यासिका, अस्पताल, जिम, सुपरमार्केट और अन्य भीड़भाड़ वाले व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की सुरक्षा व्यवस्था की जांच कराने की मांग की है.
युवक कांग्रेस का कहना है कि अमरावती शहर में बड़ी संख्या में कोचिंग क्लासेस, स्टडी रूम, निजी अस्पताल, जिम और अन्य व्यावसायिक संस्थान संचालित हो रहे हैं, जहां प्रतिदिन हजारों नागरिक और विद्यार्थी आते-जाते हैं. ऐसे में फायर सेफ्टी नियमों, आपातकालीन निकास मार्ग, फायर एनओसी और नियमित फायर ऑडिट के पालन की स्थिति स्पष्ट होना आवश्यक है.
* फायर ऑडिट रिपोर्ट सार्वजनिक करने की मांग
ज्ञापन में संगठन ने मांग की है कि, शहर की सभी संबंधित इमारतों का तत्काल फायर ऑडिट कराया जाए, पूर्व में किए गए फायर ऑडिट की रिपोर्ट सार्वजनिक की जाए, फायर सेफ्टी नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो, सभी संस्थानों में आवश्यक सुरक्षा उपकरण और उपाय अनिवार्य किए जाएं, मनपा और अग्निशमन विभाग द्वारा नियमित निरीक्षण अभियान चलाया जाए.
* मनपा पर लापरवाही का आरोप
युवक कांग्रेस ने दावा किया कि उनके पदाधिकारियों के संज्ञान में यह बात आई है कि मनपा परिसर में उपयोग के लिए रखा गया एक अग्निशामक यंत्र ही एक्सपायर हो चुका है. संगठन ने सवाल उठाया कि जब नागरिकों की सुरक्षा की जिम्मेदारी संभालने वाली संस्था के पास ही सुरक्षा उपकरण समय पर अद्यतन नहीं हैं, तो अन्य निजी संस्थानों की स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है. युवक कांग्रेस ने कहा कि मनपा को पहले अपने स्तर पर सभी सुरक्षा उपाय लागू कर उदाहरण प्रस्तुत करना चाहिए.
* छात्रों और नागरिकों की सुरक्षा का मामला
युवक कांग्रेस ने प्रशासन से मांग की है कि छात्रों और नागरिकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए इस विषय पर तत्काल कार्रवाई की जाए. संगठन का कहना है कि किसी भी संभावित दुर्घटना को रोकने के लिए सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन आवश्यक है. इस अवसर पर पूर्व प्रदेश सचिव समीर जवंजाल, अमरावती विधानसभा युवक कांग्रेस अध्यक्ष वैभव देशमुख, बडनेरा विधानसभा अध्यक्ष आशीष यादव, उपाध्यक्ष राहुल बागड़े सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे.

Back to top button