प्रहार सामाजिक संगठन ने कोचिंग संस्थानों की जांच की मांग उठाई

1 जुलाई से आंदोलन की चेतावनी, जिलाधीश को सौंपा ज्ञापन

अमरावती/दि.25 – प्रहार सामाजिक संगठन ने अमरावती शहर में संचालित निजी कोचिंग संस्थानों पर छात्रों और अभिभावकों के आर्थिक तथा मानसिक शोषण का आरोप लगाते हुए जिला प्रशासन से तत्काल जांच और सख्त कार्रवाई की मांग की है. संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि दोषी संस्थानों के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई तो 1 जुलाई से शहर में आंदोलन और धरना-प्रदर्शन शुरू किया जाएगा.
संगठन की ओर से जिलाधिकारी को सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया है कि हाल ही में लखनऊ के एक कोचिंग संस्थान में लगी भीषण आग में 15 विद्यार्थियों की मौत के बाद कोचिंग संस्थानों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े हुए हैं. ऐसे में अमरावती के कोचिंग संस्थानों की सुरक्षा व्यवस्था की भी जांच की जानी चाहिए. प्रहार सामाजिक संगठन का आरोप है कि कई निजी कोचिंग संस्थान विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों से अत्यधिक फीस वसूल रहे हैं. साथ ही कुछ संस्थान निजी वित्तीय कंपनियों के माध्यम से विद्यार्थियों के नाम पर एजुकेशन लोन लेने के लिए दबाव बना रहे हैं, जिससे परिवार आर्थिक संकट में फंस रहे हैं.
* भ्रामक विज्ञापनों पर भी उठाए सवाल
ज्ञापन में कहा गया है कि कई कोचिंग संस्थान प्रतियोगी परीक्षाओं में 100 प्रतिशत सफलता और चयन के दावे कर विद्यार्थियों एवं अभिभावकों को आकर्षित कर रहे हैं. संगठन का आरोप है कि ऐसे विज्ञापनों के माध्यम से लोगों को गुमराह किया जा रहा है.
* सुरक्षा व्यवस्था की जांच की मांग
संगठन ने कोचिंग संस्थानों में फायर सेफ्टी उपकरणों की उपलब्धता, आपातकालीन निकास व्यवस्था, बैठने की क्षमता और विद्यार्थियों की सुरक्षा से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कराने की मांग की है. उनका कहना है कि कई संस्थानों में सुरक्षा मानकों का पालन नहीं किया जा रहा है, जिससे भविष्य में किसी बड़े हादसे की आशंका बनी हुई है.
* 1 जुलाई से आंदोलन की चेतावनी
प्रहार सामाजिक संगठन ने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा है कि यदि जल्द जांच कर दोषी संस्थानों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई नहीं की गई, तो 1 जुलाई से विद्यार्थियों और अभिभावकों के हित में जोरदार आंदोलन, धरना और प्रदर्शन किया जाएगा. संगठन का कहना है कि आंदोलन के दौरान यदि कानून-व्यवस्था की कोई स्थिति उत्पन्न होती है, तो उसकी जिम्मेदारी प्रशासन और संबंधित कोचिंग संस्थानों की होगी. ज्ञापन सौंपनेवालों में संगठन के महानगर प्रमुख बंटी रामटेके, विद्यार्थी आघाडी के समर्थ डवरे, ऋषिकेश ठवकर, विक्रम जाधव, शेषराव धुले, नंदू वानखडे, अजय तायडे, समीप तायडे, कृणाल खंडारे, युवक आघाडी के शहर प्रमुख प्रशांत देशमुख, कार्तिक ताथोड, साहील अवसरमोल का समावेश था.

Back to top button