चिखलदरा को मिली 25 करोड़ की जलापूर्ति योजना की सौगात
बागलिंगा बांध से होगा पेयजल आपूर्ति सुदृढ़ीकरण

* राज्य सरकार ने जारी किया महत्वपूर्ण आदेश
अमरावती/ मुंबई- विदर्भ के प्रमुख पर्यटन स्थल चिखलदरा की पेयजल समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में महाराष्ट्र सरकार ने बड़ा कदम उठाया है. नगर विकास विभाग ने वैशिष्ट्यपूर्ण योजना के अंतर्गत चिखलदरा नगर परिषद के लिए 24 करोड़ 99 लाख 25 हजार रुपये की जलापूर्ति परियोजना को मंजूरी प्रदान की है. इस संबंध में 25 जून 2026 को शासन निर्णय जारी किया गया. शासन के अनुसार इस परियोजना का उद्देश्य चिखलदरा शहर की बढ़ती आबादी और पर्यटन सीजन में बढ़ने वाली पानी की मांग को ध्यान में रखते हुए दीर्घकालिक एवं सुदृढ़ जलापूर्ति व्यवस्था विकसित करना है. परियोजना का क्रियान्वयन महाराष्ट्र जीवन प्राधिकरण (एमजेपी) द्वारा किया जाएगा तथा इसकी पूरी लागत राज्य सरकार वहन करेगी.
* बागलिंगा बांध से विकसित होगा जलस्रोत
योजना के तहत बागलिंगा बांध पर इंटेक वेल और निरीक्षण कुएं का निर्माण किया जाएगा. इसके अलावा मुख्य जलवाहिनी, जैक वेल, पंप हाउस, एप्रोच रोड तथा आरसीसी पुल का निर्माण भी प्रस्तावित है. जल शोधन संयंत्र तक कच्चा पानी पहुंचाने और वहां से शुद्ध पानी शहर के विभिन्न जलाशयों तक पहुंचाने के लिए नई पाइपलाइन बिछाई जाएगी. परियोजना में उच्च क्षमता की आधुनिक पंपिंग मशीनरी भी स्थापित की जाएगी, जिससे शहर को नियमित और पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराया जा सकेगा.
* ई-टेंडर से होंगे सभी कार्य
शासन ने स्पष्ट किया है कि सभी निर्माण कार्य ई-टेंडर प्रक्रिया के माध्यम से कराए जाएंगे. परियोजना को तकनीकी और प्रशासनिक मंजूरी मिलने के बाद कार्य शुरू किया जाएगा. गुणवत्ता नियंत्रण और निधि के उचित उपयोग की जिम्मेदारी जिला प्रशासन पर रहेगी.
* पर्यटन नगरी को मिलेगा बड़ा लाभ
बता दे कि, चिखलदरा विदर्भ का एकमात्र हिल स्टेशन है, जहां हर वर्ष बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंचते हैं. गर्मी और पर्यटन सीजन में यहां पानी की कमी गंभीर समस्या बन जाती है. नई जलापूर्ति योजना से न केवल स्थानीय नागरिकों को राहत मिलेगी, बल्कि पर्यटन क्षेत्र को भी मजबूती मिलेगी. स्थानीय नागरिकों और जनप्रतिनिधियों ने शासन के इस निर्णय का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई है कि परियोजना के शीघ्र क्रियान्वयन से चिखलदरा की वर्षों पुरानी पेयजल समस्या का स्थायी समाधान होगा.





