शेगांव-रहाटगांव मुख्य मार्ग के चौडाईकरण की मांग

नगरसेविका कल्याणी तायडे ने मंत्री नितिन गडकरी को सौंपा ज्ञापन

अमरावती/दि.2– प्रभाग क्रमांक-1 का शेगांव-रहाटगांव मुख्य मार्ग शहर के विकास प्रारुप के मुताबिक 30 मीटर मंजूर है. वर्तमान स्थिति में यह मार्ग 18 मीटर का है. यातायात के लिए यह मार्ग पूरा न रहने से पूर्ण मार्ग 30 मीटर का करने की मांग को लेकर नगरसेविका कल्याणी तायडे ने केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी को ज्ञापन सौंपा.
प्रभाग क्रमांक-1 शेगांव-रहाटगांव मुख्य मार्ग 1993 के शहर विकास प्रारुप के मुताबिक 30 मीटर चौडा मंजूर है. 33 साल की कालावधि बीतने के बावजूद इस मार्ग का काम पूरा नहीं हुआ है. वर्तमान स्थिति में इस मार्ग की चौडाई केवल 18 मीटर ही है. यह रोड काफी चहल-पहल वाला है. वह अमरावती शहर से नागपुर महामार्ग को जोडे जाने वाला महत्वपूर्ण मार्ग है. इस मार्ग पर अनेक मंगल कार्यालय, महाविद्यालय, शाला, होटल, बैंक तथा नागरिकों की बस्ती है. इस मार्ग पर हमेशा चहल-पहल रहने से यहां अनेक बार दुर्घटनाएं हुई है और अब तक 4 से 5 लोगों की जान भी गई है. इस मार्ग पर हमेशा ही ट्रैफिक जाम हो जाता है. इस कारण नागरिकों को काफी परेशानी का सामना करना पडता है. इस मार्ग के बढते यातायात का विचार कर यहां भविष्य में दुर्घटनाओं का प्रमाण बढने की संभावनाओं से भी इंकार नहीं किया जा सकता. इस कारण इस मार्ग का 30 मीटर तक चौडाईकरण करना आवश्यक है. इस निमित्त प्रभाग के नागरिकों के अनुरोध व मांग के मुताबिक इस विषय को गंभीरता से लेकर शेगांव-रहाटगांव मार्ग का चौडाईकरण करने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने की मांग नगरसेविका कल्याणी तायडे ने मंत्री नितिन गडकरी से की है.

Back to top button