देशी पिस्तौल व तलवारों के साथ तीन आरोपी गिरफ्तार
अंजनगांव सुर्जी पुलिस की बड़ी कार्रवाई

अंजनगांव सुर्जी/दि.2 – अंजनगांव सुर्जी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए हथियारों के साथ शहर में घूम रहे तीन युवकों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक देसी पिस्तौल, दो जिंदा कारतूस, दो धारदार तलवारें, एक दोपहिया वाहन और तीन मोबाइल फोन जब्त किए हैं. पुलिस का मानना है कि आरोपी किसी गंभीर अपराध को अंजाम देने की फिराक में थे, जिसे समय रहते विफल कर दिया गया.
पुलिस को गोपनीय सूचना मिली थी कि पिस्ता रंग की सुजुकी एक्सेस मोपेड पर सवार तीन युवक हथियारों के साथ शहर में संदिग्ध रूप से घूम रहे हैं. सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक निकेतन कदम, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दत्ता टोटेवाड़ और उपविभागीय पुलिस अधिकारी मनीष ठाकरे के मार्गदर्शन में पुलिस निरीक्षक सूरज बोंडे ने डीबी स्क्वॉड को कार्रवाई के निर्देश दिए. पुलिस टीम ने पारतवाड़ा रोड स्थित होटल पद्मश्री के पास जाल बिछाया. कुछ ही देर में बताए गए हुलिये की मोपेड दिखाई देने पर पुलिस ने काले नगर ले-आउट क्षेत्र में घेराबंदी कर तीनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया. तलाशी के दौरान उनके पास से अवैध हथियार बरामद हुए. गिरफ्तार आरोपियों में शनिवारा, अंजनगांव सुर्जी निवासी 20 वर्षीय परिवार दीपक साहू, विलास नगर लोहार लाइन, अमरावती निवासी 23 वर्षीय अनिल मदन सोलंके तथा आठवाड़ी बाजार, पारतवाड़ा निवासी 21 वर्षीय अलकेश दीपक पवार शामिल हैं. पुलिस ने परिवार साहू के पास से एक देसी पिस्तौल, दो जिंदा कारतूस और मैगजीन बरामद की. वहीं अनिल सोलंके और अलकेश पवार के पास से एक-एक धारदार लोहे की तलवार जब्त की गई. इसके अलावा अपराध में प्रयुक्त सुजुकी एक्सेस मोपेड एमएच-27 ईए-8077 और तीन मोबाइल फोन भी जब्त किए गए. जब्त किए गए सामान की कुल कीमत लगभग 1.56 लाख रुपये बताई गई है. आरोपियों के खिलाफ अंजनगांव सुरजी पुलिस थाने में भारतीय शस्त्र अधिनियम की धारा 3/25, 4/25 तथा महाराष्ट्र पुलिस अधिनियम की धारा 135 के तहत मामला दर्ज किया गया है. यह कार्रवाई सहायक पुलिस निरीक्षक अनिल चंदोरे, पुलिस उपनिरीक्षक विशाल पोल तथा डीबी टीम के जयसिंह चव्हाण, रवि राठौड़, अमित घाटे, मोहसिन पठान, शुभम मार्कंडे और चालक अक्षय शेलके के सहयोग से सफलतापूर्वक संपन्न हुई. पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है.