व्यवसायिक समस्याओं व महत्वपूर्ण मुद्दों पर मंथन
जिला फोर व्हीलर ऑटो डील संघ की आमसभा

अमरावती/दि.18-आरटीओ की जटिलताओं से लेकर व्यवसायिक समस्याओं तक, महत्वपूर्ण मुद्दों पर हुआ मंथन, अमरावती जिला फोर व्हीलर ऑटो डील संघ की महत्वपूर्ण आमसभा 15 अगस्त 2026, शनिवार को होटल वन्दू इंटरनेशनल में उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई. आमसभा में अमरावती जिले के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में सेकंड हैंड वाहन व्यवसाय से जुड़े व्यवसायी उपस्थित रहे आमसभा में सेकंड हैंड संघ के सदस्यों ने ठढज से संबंधित अपनी-अपनी समस्याएं एवं व्यावहारिक अड़चनें पदाधिकारियों के समक्ष रखीं. व्यवसायियों का कहना था कि आरटीओ की प्रक्रियाओं में आ रही बाधाओं के कारण कई आवश्यक कार्य लंबित पड़े हैं, जिसका सीधा असर सेकंड हैंड वाहन व्यवसाय पर पड़ रहा है. अमरावती जिले में सेकंड हैंड वाहन व्यवसाय से छोटे-बड़े हजारों व्यवसायी जुड़े हुए हैं तथा इस व्यवसाय के माध्यम से हजारों परिवारों का जीवन-यापन चलता है. इन सभी गंभीर विषयों पर संघ के पदाधिकारियों ने उपस्थित सदस्यों का मार्गदर्शन किया तथा समस्याओं के समाधान के लिए संगठित रूप से प्रयास करने का विश्वास दिलाया.
विदर्भ भूषण दर्शना संगई का विशेष सत्कार
आमसभा के दौरान अमरावती जिले की सफल सेकंड हैंड वाहन व्यवसायी एवं समकित ऑटो डील की संचालिका श्रीमती दर्शना संज्योत संगई को विदर्भ भूषण पुरस्कार प्राप्त होने पर विशेष रूप से सम्मानित किया गया. उनका सत्कार उनके पति श्री संज्योत संगई तथा संघ के अध्यक्ष श्री मनोज बुब के हाथों किया गया. इस अवसर पर एक प्रेरणादायी बात विशेष रूप से सामने आई-अक्सर कहा जाता है कि एक कामयाब व्यक्ति के पीछे एक महिला का हाथ होता है, लेकिन दर्शना संज्योत संगई की सफलता की कहानी इस कहावत को एक नया आयाम देती है. संघ की परंपरा को कायम रखते हुए इस वर्ष भी एएससी एवं एचएससी बोर्ड परीक्षा में सफल हुए संघ के सदस्यों के परिवारों के मेधावी विद्यार्थियों को प्रमाणपत्र एवं पुरस्कार राशि प्रदान कर सम्मानित किया गया.
कार्यक्रम का सफल संचालन संघ के सहसचिव असलम खान पठान ने किया. इस अवसर पर संघ के अध्यक्ष मनोज ह. बुब, उपाध्यक्ष श्री फहीम अहमद, सचिव संदीप संगई, कोषाध्यक्ष नितिन वानखड़े एवं प्रमुख नासिर सोलंकी ने उपस्थित सदस्यों को विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर संबोधित किया.





