सर्दियों में अंडे के दाम बढ़ने की आशंका
प्रीमियम अंडा 20-25 रुपये तक पहुंच सकता है

नई दिल्ली/दि.27 – महंगाई से परेशान आम लोगों को आने वाले दिनों में एक और झटका लग सकता है. अंडों की कीमतों में मोठी वाढ होण्याची शक्यता असून, सर्दियों के मौसम में प्रीमियम और ब्रांडेड अंडों की कीमत 20 से 25 रुपये प्रति अंडे तक पहुंच सकती है. हालांकि, सामान्य श्रेणी के अंडों की कीमतों में इतनी बड़ी बढ़ोतरी की संभावना कम बताई जा रही है. ‘द इकोनॉमिक टाइम्स’ की रिपोर्ट के मुताबिक, राष्ट्रीय अंडा समन्वय समिति के आंकड़ों के अनुसार, फिलहाल बाजार में अंडे की कीमत करीब 7 रुपये प्रति अंडा है, जबकि खुदरा बाजार में यह 8.50 से 9 रुपये तक बिक रहा है. पिछले एक साल में अंडों की कीमतों में करीब 35 से 40 प्रतिशत तक बढ़ोतरी दर्ज की गई है.
* मक्का महंगा होने से बढ़ा उत्पादन खर्च
पोल्ट्री उद्योग के मुताबिक, अंडों की कीमत बढ़ने के पीछे सबसे बड़ा कारण मुर्गियों के चारे की बढ़ती लागत है. मुर्गियों के चारे में मक्के की हिस्सेदारी करीब 60 से 70 प्रतिशत तक होती है. मक्के की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी से पोल्ट्री कारोबारियों की लागत बढ़ गई है. 20 प्रतिशत इथेनॉल मिश्रण नीति के चलते मक्के की मांग बढ़ी है. बताया जा रहा है कि भारत में उत्पादित मक्के का करीब 37 प्रतिशत हिस्सा इथेनॉल उत्पादन में इस्तेमाल हो रहा है. पिछले तीन वर्षों में मक्के की कीमत करीब 14 हजार रुपये प्रति टन से बढ़कर 26,600 रुपये प्रति टन तक पहुंच गई है.
* सोयाबीन की बढ़ती कीमतों का भी असर
मुर्गियों के चारे में मक्के के अलावा सोयाबीन का भी इस्तेमाल होता है. सोयाबीन की कीमतों में बढ़ोतरी ने भी पोल्ट्री कारोबारियों का खर्च बढ़ाया है. इसका सीधा असर अंडे की कीमतों पर पड़ रहा है. आमतौर पर सर्दियों के मौसम में अंडों की मांग बढ़ जाती है. इसके साथ ही अगर मुर्गियों के चारे की कीमतें भी ऊंची रहती हैं, तो अंडों के दाम बढ़ने की संभावना और मजबूत हो जाती है. विशेषज्ञों के मुताबिक, अच्छी गुणवत्ता वाले ब्रांडेड और प्रीमियम अंडे सर्दियों में 20 से 25 रुपये प्रति अंडे तक पहुंच सकते हैं. हालांकि, कीमतों में बढ़ोतरी राज्य और स्थानीय बाजार के अनुसार अलग-अलग हो सकती है.





