अज्ञात वाहन की टक्कर से बुजुर्ग की मौत, बाइक चालक घायल
नांदगांव खंडेश्वर तहसील के धानोरा-वाढोणा मार्ग की घटना

नांदगांव खंडेश्वर/दि.5 – धानोरा-वाढोणा मार्ग पर जांभी परियोजना के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से एक बुजुर्ग की मौत हो गई, जबकि मोटरसाइकिल चला रहा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
जानकारी के मुताबिक यवतमाल जिले के दारव्हा तहसील अंतर्गत हातोला निवासी वैभव दत्तात्रय ठाकरे (35) ने इस संबंध में शिकायत दर्ज कराई है. शिकायत के मुताबिक उनके मामा वासुदेव कडू को नियमित डायलिसिस उपचार के लिए नांदगांव खंडेश्वर ग्रामीण अस्पताल ले जाया जा रहा था. उन्हें उनके पुत्र निखिल कडू मोटरसाइकिल क्रमांक एमएच-27/आर-8826 से अस्पताल लेकर जा रहे थे. बुधवार, 3 जून की सुबह करीब 9 बजे जब वे जांभी परियोजना के समीप पहुंचे, तभी पीछे से तेज गति से आए एक अज्ञात वाहन ने लापरवाहीपूर्वक मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर के कारण दोनों सड़क पर गिर पड़े. हादसे में वासुदेव कडू गंभीर रूप से घायल हो गए और उपचार मिलने से पहले ही उनकी मौत हो गई. वहीं मोटरसाइकिल चला रहे निखिल कडू के हाथ में गंभीर चोटें आई हैं. दुर्घटना के बाद अज्ञात वाहन चालक घटनास्थल से फरार हो गया. शिकायत के आधार पर नांदगांव खंडेश्वर पुलिस ने अज्ञात चालक के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है. पुलिस आसपास के क्षेत्र में उपलब्ध साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज तथा अन्य तकनीकी जानकारियों के आधार पर फरार वाहन और उसके चालक की तलाश में जुटी हुई है.





