ट्रैफिक ड्यूटी के दौरान पुलिस हवलदार का एयर कूल जैकेट चोरी

अमरावती/दि.5- शहर में ट्रैफिक ड्यूटी के दौरान एक पुलिसकर्मी की बाइक से विभागीय एयर कूल जैकेट चोरी होने का मामला सामने आया है. शिकायत के आधार पर कोतवाली पुलिस ने अज्ञात चोर के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
जानकारी के मुताबिक यातायात शाखा राजापेठ विभाग में कार्यरत पुलिस हवलदार प्रमोद खुशालराव देशमुख (33) पिछले पांच वर्षों से सेवा दे रहे हैं. गुरुवार 4 जून को उनकी तथा अन्य पुलिसकर्मियों की ड्यूटी मुख्य बस डिपो परिसर में सुबह 8 बजे से रात 10 बजे तक यातायात नियंत्रण के लिए लगाई गई थी. सुबह करीब 10 बजे अंबिका लॉज क्षेत्र में ट्रैफिक जाम की स्थिति उत्पन्न होने पर पुलिसकर्मी यातायात व्यवस्था संभालने में व्यस्त थे. इसी दौरान पुलिस कर्मचारी सुनील जायभाये की मोपेड पर रखा विभाग द्वारा उपलब्ध कराया गया एयर कूल जैकेट किसी अज्ञात व्यक्ति ने चुरा लिया. कुछ समय बाद जब पुलिसकर्मियों का ध्यान बाइक पर गया तो सफेद रंग का एयर कूल जैकेट, उसमें लगे दो छोटे पंखे और चार्जर गायब मिले. चोरी हुए सामान की कुल कीमत लगभग 7 हजार रुपये बताई गई है.
घटना की शिकायत मिलने के बाद कोतवाली पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कर लिया है. पुलिस आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और आरोपी की तलाश जारी है. पुलिस का मानना है कि ड्यूटी के दौरान व्यस्तता का फायदा उठाकर चोर ने वारदात को अंजाम दिया. जांच के आधार पर जल्द ही आरोपी की पहचान किए जाने की उम्मीद जताई जा रही है.





