मध्यम व लघु पाटबंधारे विभाग के कार्यकारी अभियंता
श्रीकांत उमप का तबादला

परतवाडा/दि.11- मध्यम व लघु पाटबंधारे विभाग अचलपुर के कार्यकारी अभियंता श्रीकांत उमप का प्रशासकीय तबादला उर्ध्व वर्धा बांध प्रकल्प अमरावती में किया गया है. उनकी जगह पर कार्यकारी अभियंता जयश्री दिगंबर थोटे की नियुक्ति की गई है. 6 जुलाई 2023 को अचलपुर में कार्यभार स्वीकारने के बाद श्रीकांत उमप ने अपने कार्यकाल में अनेक प्रलंबित सिंचाई व जलसंधारण प्रकल्पों को गति देने का काम किया था. विशेषत: परतवाडा शहर के बिच्छन नदी की सुरक्षा दीवार के काम को भी गति दी थी तथा पथ्रोट परिसर में अनेक वर्षों से प्रलंबित खेकडा नाले का काम भी उनके प्रयासों से शुरु हुआ.
श्रीकांत उमप के कार्यकाल में शहानूर, पूर्णा, चंद्रभागा और मालखेड बांध की देखभाल-दुरुस्ती का काम सहित नहर दुरुस्ती, काँक्रीटीकरण तथा सिंचाई व्यवस्था को मजबूत करने के लिए विशेष प्रयास किए गए. उनके अधिन तीन मध्यम और 25 लघु सिंचाई प्रकल्पों के कामों को भी गति मिली. किसानों की सिंचाई से संबंधित शिकायतों का तत्काल निपटारा कर उन्हें आवश्यक सुविधा उपलब्ध कराने के लिए वे तत्पर रहे. वहीं धारणी तहसील के बांधों से गाद निकालना, जलयुक्त शिवार अभियान अंतर्गत विविध काम, नालों का गहराईकरण तथा नाम फाउंडेशन के सहकार्य से चलाए जा रहे जलसंधारण उपक्रम में भी उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है. इसके अलावा नहर की दुरुस्ती के काम, सिंचाई कर की शासकीय वसूली और विविध प्रलंबित प्रकल्पों को गति देने का कार्य उन्होंने अपने कार्यकाल के दौरान किया है. 29 मई को उनका प्रशासकीय तबादला कर दिया गया है.





