शिकार के दौरान चली गोली से किसान घायल, दो आरोपी हिरासत में

चांदुर बाजार पुलिस की कार्रवाई

अमरावती/दि.1– चिचोली काले क्षेत्र के एक खेत में शिकार के दौरान गोली चलने से एक व्यक्ति के जांघ में चोट लगने के मामले में चांदूर बाजार पुलिस ने दो संदिग्ध शिकारियों को हिरासत में लिया है. आरोपियों के नाम तिवसा के आनंदवाडी निवासी चरण सिंह अजीत सिंह बावरी (40) और मुन्ना सिंह राम सिंह बावरी (62) है.
जानकारी के मुताबिक चिंचोली काले निवासी शिकायतकर्ता प्रशांत गोवर्धन मोहोड़ (45) ने पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई थी. उन्होंने बताया कि वे चिंचोली स्थित खेत में काम कर रहे थे. इसी दौरान दो अज्ञात शिकारी हिरण का शिकार कर रहे थे. शिकारियों द्वारा शॉटगन से चलाई गई गोली जमीन से टकराने के बाद शिकायतकर्ता की जांघ में जा लगी, जिससे वे घायल हो गए. शिकायत के आधार पर चांदूर बाजार पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की. जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि घटना में शामिल शिकारी तिवसा क्षेत्र के आनंदवाड़ी के रहने वाले हैं. सूचना के आधार पर पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की. पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर बताया कि वे दोनों चिचोली में जंगली सुअर का शिकार करने गए थे. सुअर दिखाई देने पर उन्होंने उस पर गोली चलाई, लेकिन गोली नीचे जाकर प्रशांत मोहोड़ को लग गई. दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर मामले की आगे की जांच सहायक निरीक्षक पंकज कांबले कर रहे हैं. पुलिस शॉटगन समेत अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है. यह कार्रवाई पुलिस निरीक्षक आधारसिंह सोनोने, एपीआई पंकज कांबले, पुलिस अंमलदार रवींद्र बावने, आशीष राउत, ज्ञानेश्वर गवई और वैभव अकोटकर की टीम ने पुलिस अधीक्षक निकेतन कदम तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दत्ता तोटेवाड़ के मार्गदर्शन में की.

Back to top button