कर्जमुक्ति के फैसले पर किसानों ने मुख्यमंत्री फडणवीस का किया सम्मान
भाजपा किसान मोर्चा के कार्यक्रम में प्रदेश के किसानों ने जताया आभार

* सरकार की किसान हितैषी योजनाओं की सराहना
मुंबई /दि.18- राज्य सरकार द्वारा फसल ऋणमुक्ति के निर्णय के बाद भाजपा किसान मोर्चा की ओर से मुंबई स्थित यशवंतराव चव्हाण सेंटर में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस का भव्य सम्मान किया गया. कार्यक्रम में प्रदेशभर से आए किसानों ने सरकार के निर्णय का स्वागत करते हुए मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया.
इस अवसर पर भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष रविंद्र चव्हाण ने कहा कि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ऐसा नेतृत्व हैं, जो किसानों सहित समाज के हर वर्ग के सुख-दुख में हमेशा साथ खड़ा रहता है. उन्होंने कहा कि फडणवीस केवल योजनाएं बनाने तक सीमित नहीं रहते, बल्कि गांव-गांव जाकर किसानों की समस्याओं को समझते हैं और उनके समाधान के लिए ठोस निर्णय लेते हैं. इसी कारण प्रदेश का किसान समाज सरकार के साथ मजबूती से खड़ा है. रविंद्र चव्हाण ने सरकार द्वारा किसानों के हित में किए गए कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि खेत एवं पगडंडी सड़कों का निर्माण, जलयुक्त शिवार अभियान, खेती में एआई और आधुनिक तकनीक का उपयोग तथा कृषि पंपों को दिन में निःशुल्क बिजली उपलब्ध कराने जैसी योजनाओं से किसानों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है.
कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश महासचिव एवं विधायक संजय कुटे ने राज्य के किसानों की ओर से मुख्यमंत्री के अभिनंदन का प्रस्ताव रखा. उपस्थित किसानों ने हाथ उठाकर प्रस्ताव का समर्थन किया और देवाभाऊ के जयघोष से सभागार गूंज उठा. इस अवसर पर कृषि मंत्री दत्तात्रय भरणे, आदिवासी विकास मंत्री अशोक उईके, भाजपा किसान मोर्चा के राष्ट्रीय महासचिव एवं सांसद डॉ. अनिल बोंडे, विधायक रणधीर सावरकर, प्रवीण दरेकर, भाजपा प्रदेश महिला मोर्चा की अध्यक्ष एवं विधायक चित्रा वाघ, भाजपा महाराष्ट्र किसान मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष रामकृष्ण वेताल सहित अनेक विधायक, भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे.





