कल एफडीए आयुक्त तुकाराम मुंढे शहर में

‘संवाद तरूणाईशी’ कार्यक्रम में लेंगे हिस्सा, युवाओं से साधेंगे संवाद

अमरावती/दि.31- खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग के आयुक्त एवं अपनी पारदर्शी तथा जनहितैषी प्रशासनिक कार्यशैली के लिए प्रसिद्ध तुकाराम मुंढे कल 1 अगस्त को अमरावती के दौरे पर आ रहे है. वे अमरावती में आयोजित ‘संवाद तरुणाईशी’ कार्यक्रम में युवाओं से सीधा संवाद करेंगे. यह कार्यक्रम शाम 5 बजे कठोरा रोड स्थित पी.आर. पोटे एज्युकेशनल इंस्टीट्यूट के स्वामी विवेकानंद ऑडिटोरियम में आयोजित होगा.
कस्तूरबा सोलर खादी महिला समिति तथा पी.आर. पोटे पाटिल एज्युकेशनल ग्रुप के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में मुंढे युवाओं को संघर्ष, नेतृत्व, अनुशासन, लक्ष्य निर्धारण तथा सफलता के सूत्रों पर मार्गदर्शन देंगे. प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों को उनसे सीधे संवाद करने और प्रश्न पूछने का अवसर भी मिलेगा.
कार्यक्रम में आयोजित ‘विचार मंथन’ प्रतियोगिता के विजेताओं का सम्मान तुकाराम मुंढे के हस्ते किया जाएगा. वहीं मेलघाट की महिलाओं द्वारा सौर चरखे पर निर्मित खादी वस्त्रों का विशेष सोलर खादी फैशन शो भी आकर्षण का केंद्र रहेगा. कार्यक्रम में प्रवेश निशुल्क रखा गया है, हालांकि सुव्यवस्थित व्यवस्था के लिए ई-पास अनिवार्य रहेगा.
आयोजकों ने अमरावती सहित आसपास के क्षेत्रों के विद्यार्थियों, अभिभावकों और नागरिकों से बड़ी संख्या में उपस्थित होकर इस प्रेरणादायी कार्यक्रम का लाभ लेने की अपील की है.

Back to top button