विधायक बच्चू कडू ने की अभिजीत दीपके से भेंट
पेपर लीक आंदोलन के नायक दीपके के हौसले को किया सलाम

छत्रपति संभाजीनगर-स/दि.31– राज्यभर में चर्चित रहे पेपर लीक विरोधी आंदोलन के प्रमुख चेहरे अभिजीत दीपके से विधायक बच्चू कडू ने संभाजीनगर दौरे के दौरान सदिच्छा भेंट की. इस दौरान उन्होंने अभिजीत दीपके और उनके परिवार से मुलाकात कर आंदोलन की सफलता पर उन्हें शुभकामनाएं दीं तथा विद्यार्थियों के अधिकारों के लिए किए गए संघर्ष की सराहना की.
विधायक बच्चू कडू ने कहा कि पेपर लीक के विरोध में अभिजीत दीपके द्वारा खड़ा किया गया आंदोलन विद्यार्थियों के न्याय और भविष्य की रक्षा के लिए लड़ी गई एक महत्वपूर्ण लड़ाई थी. उन्होंने कहा कि लंबे समय तक लगातार और शांतिपूर्ण तरीके से किए गए संघर्ष ने सरकार और प्रशासन का ध्यान इस गंभीर मुद्दे की ओर आकर्षित किया, जिसके परिणामस्वरूप विद्यार्थियों की मांगों को व्यापक समर्थन मिला. विधायक कडू ने कहा कि किसी भी समाज की प्रगति उसके युवाओं और विद्यार्थियों पर निर्भर करती है. यदि भर्ती परीक्षाओं और शैक्षणिक प्रक्रियाओं की पारदर्शिता पर सवाल उठते हैं तो इसका सीधा असर लाखों युवाओं के भविष्य पर पड़ता है. ऐसे समय में विद्यार्थियों के हित में आवाज उठाना और न्याय के लिए संघर्ष करना अत्यंत महत्वपूर्ण हो जाता है.
संभाजीनगर में हुई इस मुलाकात के दौरान विधायक बच्चू कडू ने अभिजीत दीपके के संघर्ष को विद्यार्थियों के अधिकारों की लड़ाई का प्रभावी उदाहरण बताते हुए कहा कि उनके सातत्यपूर्ण प्रयासों ने इस आंदोलन को सफलता दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. उन्होंने कहा, विद्यार्थियों के हक और न्याय के लिए लड़ने वाले प्रत्येक योद्धा को मेरा सलाम है. विधायक बच्चू कडू की इस मुलाकात को विद्यार्थियों के मुद्दों के प्रति एकजुटता और समर्थन के रूप में देखा जा रहा है. इससे आंदोलन से जुड़े युवाओं और विद्यार्थियों को भी नया उत्साह मिलने की चर्चा है.





