अमरावती में कुएं में गिरे व्यक्ति को फायर ब्रिगेड ने 10 मिनट में सुरक्षित निकाला

श्रम साफल्य कालोनी की घटना

अमरावती/दि.20- अमरावती महानगरपालिका के अग्निशमन विभाग ने शनिवार शाम नवसारी रोड स्थित श्रम साफल्य कॉलोनी में कुएं में गिरे एक व्यक्ति का सफलतापूर्वक रेस्क्यू कर उसकी जान बचाई.
अग्निशमन मुख्यालय के नियंत्रण कक्ष को रविवार 19 जुलाई की शाम 7.15 बजे स्थानीय नगरसेवक ऋषिकेश देशमुख ने फोन पर सूचना दी कि श्रम साफल्य कॉलोनी में एक व्यक्ति कुएं में गिर गया है. सूचना मिलते ही अग्निशमन अधीक्षक अजय पंधरे तथा पाली प्रमुख किशोर शेंडे के निर्देश पर फायर लॉरी एमएच-27/बीएक्स-7803 तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना की गई और शाम 7.19 बजे टीम मौके पर पहुंच गई. अग्निशमन कर्मियों ने बिना समय गंवाए रस्सी और रेस्क्यू उपकरणों की सहायता से अभियान शुरू किया. फायरमैन योगेश ठाकरे और प्रणित पेठे कुएं में उतरे और लगभग 8 से 10 मिनट के अथक प्रयास के बाद नीलेश वासुदेव ठाकरे (48) को सुरक्षित बाहर निकाल लिया. घटना के दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौके पर इकठ्ठा हो गए थे. राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी प्रकार की जनहानि, आर्थिक नुकसान या किसी के घायल होने की सूचना नहीं है. रेस्क्यू टीम में वाहन चालक मो. फराना, फायरमैन योगेश ठाकरे, नीलेश कटपेलवार, प्रणित पेठे, ज्ञानेश्वर चव्हाण तथा सहायक मोहम्मद नाइस मोहम्मद मुसेफ शामिल थे. अग्निशमन विभाग की तत्काल कार्रवाई और टीम की सूझबूझ से एक बड़ा हादसा टल गया.

Back to top button