पुरानी रंजिश व आपसी खुन्नस के चलते दो की जान गई

वलगांव में घटित हुआ दोहरा हत्याकांड, 5 की गिरफ्तारी

* संजोग विकास जोशी (24) व ऋतिक बबलू पंडित (24) के तौर पर हुई मृतकों की पहचान
* कल देर रात वलगांव बसस्टैंड परिसर में दोनों युवकों को घेर कर चाकू से किया गया था हमला
* चाकूओं के सपासप वार से घायल दोनों युवकों की मौके पर ही हो गई थी मौत
* सूचना मिलते ही वलगांव सहित शहर पुलिस के आला अधिकारी तुरंत पहुंचे थे मौके पर
* रातभर चलाया गया खोज अभियान, आज सुबह दर्यापुर रोड से पकडे गए आरोपी
अमरावती/दि. 20– अमरावती शहर से सटे वलगांव में रविवार देर रात हुए सनसनीखेज दोहरे हत्याकांड ने पूरे जिले को झकझोर कर रख दिया. पुराने बस स्टैंड परिसर स्थित मंदिर के समीप चार से पांच हमलावरों ने दो युवकों को घेरकर धारदार हथियारों से ताबड़तोड़ हमला कर मौत के घाट उतार दिया. वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत फैल गई, जबकि मृतकों के परिजनों और स्थानीय नागरिकों में भारी आक्रोश देखा गया. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने रातभर अभियान चलाकर पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. मृतकों की पहचान संजोग विकास जोशी (24, निवासी वलगांव) तथा ऋतिक राजू उर्फ बंडू पंडित (25, निवासी महाजनपुरा, अमरावती) के रूप में हुई है. वहीं इस मामले में वलगांव पुलिस ने रातभर खोज अभियान चलाते हुए विक्की उर्फ गोलू विकास उगले (21), मिलींद गोपालराव तायडे (21), अजय दिलीपराव नागदिवे (21), सुमित सुधाकर सुरजुसे (20) व अनिकेत विलास मेश्राम (25, सभी वलगांव निवासी) को आज सुबह दर्यापुर रोड परिसर से गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की.
इस संदर्भ में मिली जानकारी के मुताबिक, संजोग जोशी व ऋतिक पंडित की आरोपियों के बीच लंबे समय से विवाद और रंजिश चली आ रही थी. इसी पुरानी दुश्मनी ने रविवार रात खूनी रूप ले लिया. जिसके बाद आरोपियों ने कल रात करीब 9 बजे के आसपास दोनों युवकों को वलगांव बसस्टैंड परिसर में घेरा और उन पर तेज धारदार चाकूओं से सपासप वार किया. इस जानलेवा हमले में बुरी तरह घायल दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई. इस सनसनीखेेज हत्याकांड को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गये. पता चला है कि आरोपियों में से एक विक्की उगले के भाई के साथ कुछ दिन पहले संजोग जोशी का झगडा हुआ था और संजोग जोशी ने विक्की उगले के भाई के साथ मारपीट की थी. इसके अलावा कबूतर चोरी को लेकर भी दोनों पक्षों के बीच झगडा चल रहा था. साथ ही साथ किसी सामाजिक आयोजन के समय डीजे पर नाचने को लेकर भी सभी युवकों के बीच विवाद वाली स्थिती बनी थी. पुलिस को संदेह है कि इसी पुराने वैमनस्य और आपसी रंजिश के चलते हत्या की साजिश रची गई. हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और पूछताछ पूरी होने के बाद ही आधिकारिक रूप से घटनाक्रम का खुलासा किया जाएगा. जांच एजेंसियां यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही हैं कि हमला पूर्व नियोजित था या मौके पर हुए विवाद के बाद अचानक वारदात को अंजाम दिया गया.
* बस स्टैंड परिसर में हुआ खूनी हमला, दोनों को बचने तक का मौका नहीं मिला
जानकारी के अनुसार रविवार रात संजोग और ऋतिक वलगांव के पुराने बस स्टैंड परिसर में स्थित मंदिर के पास मौजूद थे. इसी दौरान आरोपी युवकों में से एक ने उन दोनों को फोन लगाते हुए पूछा कि, तुम दोनों कहां हो. इस समय दोनों पक्षों के बीच फोन पर गालीगलौज होने व एक-दूसरे को देख लेने की धमकियां दिए जाने की जानकारी है. इसी दौरान जब आरोपियों को पता चला कि, संजोग जोशी व ऋतिक पंडित बस स्टैंड चौक परिसर में मौजुद है, तो वे सभी तेज धारदार हथियारों से लैस होकर वहां पहुंचे और उन्होंने दोनों युवकों को चारों ओर से घेर लिया और उन पर एक के बाद एक कई वार किए. जान बचाने के लिए दोनों ने भागने और बचाव का प्रयास किया, लेकिन हमलावर लगातार हमला करते रहे. कुछ ही मिनटों में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े और पूरा परिसर खून से सन गया. हमले के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए. वारदात के चलते बस स्टैंड परिसर और आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई.
* अस्पताल पहुंचने से पहले ही टूट गई जिंदगी की डोर
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय नागरिक और परिचित मौके पर पहुंचे. दोनों घायलों को तत्काल उपचार के लिए जिला सामान्य अस्पताल (इरविन अस्पताल) ले जाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया. दो युवकों की हत्या की खबर फैलते ही अस्पताल में परिजनों, रिश्तेदारों और मित्रों की भारी भीड़ जमा हो गई. रोते-बिलखते परिजनों का दर्द देखकर अस्पताल परिसर का माहौल गमगीन हो गया. बढ़ते तनाव को देखते हुए पुलिस को अतिरिक्त बल तैनात करना पड़ा.
* पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई, पांच आरोपी गिरफ्तार
दोहरे हत्याकांड की सूचना मिलते ही वलगांव पुलिस, क्राइम ब्रांच और वरिष्ठ पुलिस अधिकारी सक्रिय हो गए. पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए, आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और तकनीकी जांच शुरू की. जांच के दौरान मिले महत्वपूर्ण सुरागों और मुखबिरों की सूचना के आधार पर पुलिस ने दर्यापुर रोड क्षेत्र में दबिश देकर पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस सूत्रों के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों और मृतकों के बीच पूर्व से विवाद चल रहा था. फिलहाल आरोपियों से पूछताछ की जा रही है. पुलिस हत्या के पीछे की वास्तविक वजह, वारदात में इस्तेमाल हथियारों तथा अन्य संभावित आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है.
* एक ही सप्ताह में दूसरा निर्मम हत्याकांड, कानून-व्यवस्था पर उठे सवाल
यहां यह विशेष उल्लेखनिय है कि, अभी कुछ दिन पहले ही अमरावती शहर के फ्रेजरपुरा पुलिस थाना क्षेत्र अंतर्गत राजेंद्र कॉलनी परिसर में भी युवकों के दो गुटों के बीच हुए झगडे में चाकू व कोयते जैसे हथियारों से वार करते हुए आफाक शेख नामक एक युवक की निर्मम हत्या कर दी गई थी. अभी उस घटना को घटित हुए महज चार से पांच दिन का समय ही बिता है और उससे ही मिलती-जुलती दूसरी घटना बीती रात वलगांव पुलिस थाना क्षेत्र में संजोग जोशी व ऋतिक पंडित के दोहरे हत्याकांड के तौर पर घटित हुई एक केे बाद एक घटित दो हत्याकांडों तथा बीती रात वलगांव शहर के सार्वजनिक और भीड़भाड़ वाले क्षेत्र में हुई इस दोहरी हत्या ने शहर की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. स्थानीय नागरिकों का कहना है कि हाल के दिनों में गंभीर अपराधों की घटनाओं में बढ़ोतरी हुई है, जिससे लोगों में असुरक्षा की भावना बढ़ रही है. खास बात यह है कि कुछ ही दिनों पहले शहर में अन्य गंभीर अपराधों की घटनाएं सामने आई थीं और अब वलगांव में खुलेआम दो युवकों की हत्या ने लोगों की चिंता और बढ़ा दी है.
* इलाके में भारी पुलिस बंदोबस्त
घटना के बाद वलगांव, महाजनपुरा और आसपास के संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है. पुलिस अधिकारियों ने नागरिकों से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है. अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच तेजी से आगे बढ़ रही है और यदि वारदात में अन्य लोगों की संलिप्तता सामने आती है तो उनके खिलाफ भी कठोर कार्रवाई की जाएगी.
* शवागार पर उमडी दोनों मृतकों के परिजनों की भीड
कल देर रात दोहरे हत्याकांड की वारदात घटित होने के बाद दोनों युवकों के शवों को जिला सामान्य अस्पताल के शवागार में लाया गया. वहां पर आज सुबह दोनों युवकों के शवों का पोस्टमार्टम किया गया. इस समय दोनों युवकों के परिजनों एवं परिचितों की जिला शवागार पर जबरदस्त भीड उमडी. जिन्होंने आरोपियों की त्वरीत गिरफ्तारी करने के साथ ही उनके खिलाफ कडी कार्रवाई किए जाने की मांग उठाई. पोस्टमार्टम की प्रक्रिया के बाद दोनों युवकों के शव उनके परिजनों के हवाले कर दिए गए. पश्चात कडे पुलिस बंदोबस्त के बीच दोनों युवकों के शवों का अंतिम संस्कार किया गया. इस समय कानून व व्यवस्था की स्थिती बनाए रखने के लिए पूरे वलगाव परिसर में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया. वलगांव का यह दोहरा हत्याकांड अमरावती जिले के हालिया वर्षों की सबसे चर्चित आपराधिक घटनाओं में शामिल हो गया है. अब सभी की निगाहें पुलिस जांच और अदालत में आगे होने वाली कार्रवाई पर टिकी हैं.

Back to top button