24 से हज की मेक्का हेतु उडानें
विदर्भ से 2100 तीर्थयात्री जाएंगे

* जून में रिटर्न फ्लाइटस्
नागपुर /दि.21- मध्य भारत से लगभग 2100 यात्री इस बार पवित्र हज यात्रा पर जाएंगे. नागपुर से मेक्का के लिए सीधी उडानें 24 अप्रैल से शुरु होंगी. आगामी 6 मई तक कुल 15 उडानों का नियोजन किया गया है. जून में वापसी की उडानें रहने की जानकारी यहां विमानतल अधिकारियों ने दी. उल्लेखनीय है कि, सभी उडाने पहले मदिना में लैंड करेंगी. वहां से तीर्थयात्री मेक्का लिए प्रस्थान करेंगे और तीर्थयात्रा की विधियां मई के अंतिम सप्ताह तक पूर्ण करेंगे.
शबनम बहुउद्देशीय संस्था को तीर्थयात्रियों की सहायक संस्था का जिम्मा दिया गया है. संस्था के सचिव शाहीद रंगूनवाला ने बताया कि, हज यात्रियों को उडान से 10 घंटा पहले यहां हज हाउस में पहुंच देनी होगी. उन्होंने बताया कि, हज हाउस से विमानतल तक जाने के लिए एसी बसों की सेवा रहेगी. यात्री अपने वाहनों से भी जा सकते है, किंतु उन्हें रवानगी औपचारिकता पूर्ण करनी होगी.
जमाते इस्लामी हिंद के मीडिया प्रभारी एम. ए. रशीद ने तीर्थयात्रियों से अपने असबाब का पूरा ख्याल रखने की हिदायत दी है. यात्रा के दौरान भी कीमती सामान और वस्तुओं की निगरानी का आवाहन किया है.
नागपुर से गए अनेक यात्रियों ने इससे पहले अपनी सामान की सुरक्षा को लेकर चिंता व्यक्त की थी. यात्री अपने 42-45 दिनों के प्रवास दौरान बडी मात्रा में नकदी ले जाते हैं. ऐसे में रशीद ने सभी प्रकार की सावधानी बरतने और सामान में कैश या कीमती चीजें न रखने की सलाह दी है. वहां कोई कीमती वस्तू या नकदी खो जाने पर यात्रियों को बेहद कडी परिस्थिति का सामना करना पडता है. मुश्ताक एहसान कुरैशी ने अपना सामान दो माह बाद मिलने का दावा कर आरोप किया कि, 21 हजार रुपए नहीं मिले थे. ऐसे ही पेंशन नगर के अब्दुल कुद्दूस ने शिकायत की थी कि, बेंगलोर से जेद्दा जाते समय उनका सामन चोरी हो गया था.





