करंट लगने से एक ही परिवार के 4 लोगों की मौत

सातारा में दर्दनाक हादसा

* एक-दूसरे को बचाने की कोशिश बनी जानलेवा
सातारा/दि.8 – महाराष्ट्र के सातारा जिले के फलटण तहसील स्थित खामगांव में बुधवार तड़के हुए एक दर्दनाक हादसे में एक ही परिवार के चार लोगों की करंट लगने से मौत हो गई. परिवार का एक सदस्य बिजली के संपर्क में आया तो उसे बचाने दौड़े अन्य तीन लोग भी करंट की चपेट में आ गए और चारों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया.
जानकारी के मुताबिक खामगांव गांव में एक निजी अंग्रेजी माध्यम स्कूल के पास रहने वाले किसन शिंदे बुधवार सुबह करीब 5.30 से 6 बजे के बीच घर के बाहर निकले थे. इसी दौरान बाहर पड़ी एक बिजली की तार में अचानक करंट दौड़ गया और उसका स्पर्श होते ही उन्हें जोरदार बिजली का झटका लगा. किसन शिंदे को तड़पता देख उन्हें बचाने के लिए गंगुबाई शिंदे, सचिन शिंदे और आरती शिंदे दौड़े. लेकिन बचाव के प्रयास में वे भी करंट की चपेट में आ गए. तेज विद्युत प्रवाह के कारण चारों की मौके पर ही मौत हो गई. घटना की सूचना मिलते ही फलटण ग्रामीण पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने पंचनामा कर चारों शवों को पोस्टमार्टम के लिए उपजिला अस्पताल भेज दिया.
एक ही परिवार के चार सदस्यों की एक साथ मौत से पूरे गांव में शोक का माहौल है. प्राथमिक तौर पर माना जा रहा है कि घर के बाहर की बिजली की तार में अचानक करंट आने से यह हादसा हुआ. हालांकि, यह तकनीकी खराबी थी या बिजली वितरण व्यवस्था में लापरवाही, इसकी जांच पुलिस कर रही है. घटना के बाद क्षेत्र में गहरा दुख और आक्रोश व्याप्त है.

Back to top button