नांदेड़-मुंबई के बीच शुरू हुई नई साप्ताहिक ट्रेन
मराठवाड़ा और विदर्भ के यात्रियों को बड़ी सौगात

अकोला/दि.8 – मराठवाड़ा और विदर्भ के रेल यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी है. हजूर साहिब नांदेड़ से अकोला मार्ग होकर लोकमान्य तिलक टर्मिनस (मुंबई) तक दो नई साप्ताहिक ट्रेनों की नियमित सेवा शुरू कर दी गई है. इसके साथ ही नांदेड़ से उत्तराखंड के टनकपुर तक भी नई साप्ताहिक एक्सप्रेस ट्रेन शुरू होने जा रही है.
करीब 20 वर्षों से लंबित मांग पूरी होने के बाद अब नांदेड़, पूर्णा, बसमत, हिंगोली, वाशीम और अकोला के यात्रियों को मुंबई के लिए सीधी रेल सेवा उपलब्ध होगी. इससे यात्रियों, छात्रों, व्यापारियों और श्रद्धालुओं को बड़ी सुविधा मिलेगी.
* नांदेड़-मुंबई ट्रेन का समय
– गाड़ी संख्या 17667 (हजूर साहिब नांदेड़-लोकमान्य तिलक टर्मिनस) प्रत्येक बुधवार रात 9.15 बजे नांदेड़ से रवाना होगी.
– पूर्णा, बसमत, हिंगोली, वाशीम, अकोला और मनमाड होते हुए गुरुवार दोपहर 1 बजे लोकमान्य तिलक टर्मिनस (मुंबई) पहुंचेगी.
– इस ट्रेन का संचालन 8 जुलाई से शुरू हो गया है.
– वापसी में गाड़ी संख्या 17668 (लोकमान्य तिलक टर्मिनस-हजूर साहिब नांदेड़) प्रत्येक गुरुवार शाम 4.55 बजे मुंबई से रवाना होगी.
– मनमाड, अकोला, वाशीम, हिंगोली, बसमत और पूर्णा होते हुए शुक्रवार सुबह 9.10 बजे नांदेड़ पहुंचेगी.
– नियमित सेवा 9 जुलाई से शुरू होगी.
– इसके अलावा, गाड़ी संख्या 17665 प्रत्येक सोमवार को नांदेड़ से और 17666 प्रत्येक मंगलवार को लोकमान्य तिलक टर्मिनस से संचालित होगी.
* नांदेड़-टनकपुर एक्सप्रेस भी होगी शुरू
रेलवे ने हजूर साहिब नांदेड़-टनकपुर साप्ताहिक एक्सप्रेस भी नियमित रूप से चलाने का निर्णय लिया है. गाड़ी संख्या 17631 यह 12 जुलाई से प्रत्येक रविवार रात 11.40 बजे नांदेड़ से रवाना होगी. यह पूर्णा, बसमत, हिंगोली, वाशीम और अकोला होते हुए उत्तराखंड के टनकपुर पहुंचेगी. वापसी में गाड़ी संख्या 17632 यह 14 जुलाई से प्रत्येक मंगलवार सुबह 9 बजे टनकपुर से चलेगी और बुधवार शाम 4.30 बजे नांदेड़ पहुंचेगी. नई ट्रेनों के शुरू होने से महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के बीच रेल संपर्क मजबूत होगा तथा यात्रियों को सीधी और सुविधाजनक यात्रा का लाभ मिलेगा.