पुणे-सातारा के घाट क्षेत्रों में हाई अलर्ट

महाराष्ट्र में बारिश का कहर जारी

* मुंबई और नासिक को मिली राहत
मुंबई /दि.8– महाराष्ट्र में पिछले पांच दिनों से लगातार हो रही भारी बारिश ने जनजीवन प्रभावित कर दिया है. जुलाई के पहले सप्ताह में ही जून महीने की बारिश की कमी पूरी हो गई है. जहां मुंबई और नासिक में बारिश का जोर कुछ कम हुआ है, वहीं पुणे और सातारा के घाट क्षेत्रों में अत्यधिक भारी बारिश का खतरा बना हुआ है. भारतीय मौसम विभाग ने इन इलाकों के लिए हाई अलर्ट जारी किया है.
* पुणे में बढ़ी चिंता
लगातार बारिश के कारण खड़कवासला बांध का जलस्तर तेजी से बढ़ गया है. सुरक्षा के मद्देनजर बांध से 27 हजार क्यूसेक पानी मुठा नदी में छोड़ा जा रहा है. इससे पुणे के भिडे पुल के जलमग्न होने के साथ सिंहगढ़ रोड स्थित एकता नगर क्षेत्र में पानी भर गया है. प्रशासन राहत और बचाव कार्य में जुटा है.
* नासिक को राहत
मौसम विभाग द्वारा नासिक में जताई गई संभावित बादल फटने की आशंका फिलहाल टल गई है. मौसम प्रणाली पालघर और गुजरात की ओर खिसकने से नासिक में स्थिति सामान्य बनी हुई है.
* मुंबई में येलो अलर्ट
मुंबई में आज हल्की बारिश दर्ज की गई. हालांकि शहर के लिए येलो अलर्ट जारी है. मंगलवार रात हुई भारी बारिश से वरली सहित कुछ निचले इलाकों में जलभराव हुआ था, लेकिन फिलहाल सड़क यातायात सामान्य है. मध्य रेलवे की लोकल ट्रेनें करीब 5 मिनट और हार्बर लाइन की ट्रेनें लगभग 10 मिनट की देरी से चल रही हैं.
* पालघर में जलभराव
पालघर जिले के नालासोपारा रेलवे स्टेशन और आसपास के इलाकों में भारी बारिश के कारण जलभराव हो गया है, जिससे यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
* इन जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने अहिल्यानगर, धुले, मुंबई, मुंबई उपनगर, नंदुरबार, नासिक, पालघर, पुणे, रायगढ़ और ठाणे जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है. वहीं रायगढ़, पालघर, कोल्हापुर, रत्नागिरी के घाट क्षेत्रों और विदर्भ में भी तेज बारिश की संभावना जताई गई है.
* देशभर में मानसून सक्रिय
आईएमडी के अनुसार अगले दो से तीन दिनों में मानसून अरब सागर, गुजरात, राजस्थान, हरियाणा और पंजाब की ओर आगे बढ़ते हुए पूरे देश को कवर कर लेगा. प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करें, नदी-नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहें तथा अनावश्यक यात्रा से बचें.

Back to top button