गुणवंत विद्यार्थियों का सम्मान केवल सम्मान नहीं, बड़े सपनों की प्रेरणा है
विधायक सुलभा खोडके का प्रतिपादन

* जनसेवा सप्ताह के तहत दसवीं-बारहवीं के मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान
* 25 हजार पौधारोपण अभियान के अंतर्गत पौधों का भी वितरण
अमरावती/दि.27- दिवंगत उपमुख्यमंत्री एवं लोकनेता अजित पवार की जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित जनसेवा सप्ताह के अंतर्गत खोज प्रतिष्ठान, अमरावती द्वारा रविवार को श्री संत ज्ञानेश्वर सांस्कृतिक भवन, मोर्शी रोड में दसवीं और बारहवीं की परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों का भव्य सम्मान समारोह आयोजित किया गया.
कार्यक्रम में विधायक सुलभा संजय खोडके ने मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान करते हुए कहा कि शिक्षा ही विकास और समृद्ध जीवन का सबसे मजबूत आधार है. उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों का सम्मान केवल उनकी उपलब्धियों का गौरव नहीं, बल्कि उन्हें भविष्य में और बड़े लक्ष्य हासिल करने की प्रेरणा देने का माध्यम है. उन्होंने विद्यार्थियों से शिक्षा के माध्यम से समाज और राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का संकल्प लेने का आह्वान किया. उन्होंने पर्यावरण संरक्षण पर भी जोर देते हुए कहा कि बदलते मौसम और पर्यावरणीय असंतुलन को देखते हुए आज की पीढ़ी को वृक्षारोपण का संकल्प लेना चाहिए. इसी उद्देश्य से उनके 25 हजार पौधारोपण अभियान के तहत विद्यार्थियों और अभिभावकों को पौधों का वितरण भी किया गया.
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता अनिरुद्ध पाटील ने विद्यार्थियों को अनुशासन, संस्कार, आत्मविश्वास और समय प्रबंधन का महत्व बताते हुए जीवन में बड़े लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर प्रयास करने की प्रेरणा दी. इस अवसर पर विधान परिषद सदस्य संजय खोडके, खोज प्रतिष्ठान के अध्यक्ष यश खोडके, स्थायी समिति सभापति अविनाश मार्डीकर, शहराध्यक्ष प्रशांत डवरे, पूर्व महापौर एड. किशोर शेलके सहित अनेक जनप्रतिनिधि, शिक्षक, सामाजिक कार्यकर्ता, अभिभावक और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित थे.
* यश खोडके के अनुशासित आयोजन की रही चर्चा
खोज प्रतिष्ठान के अध्यक्ष यश खोडके की संकल्पना से आयोजित इस सम्मान समारोह में हजारों विद्यार्थियों को प्रशस्ति-पत्र, कॉलेज बैग, पुष्पगुच्छ और पौधे भेंट कर सम्मानित किया गया. विशाल मंच, एलईडी स्क्रीन पर सीधा प्रसारण तथा उत्कृष्ट व्यवस्थाओं की उपस्थित लोगों ने सराहना की. विद्यार्थियों ने इसे अपने भविष्य के लिए प्रेरणादायी कार्यक्रम बताते हुए आयोजकों का आभार व्यक्त किया. कार्यक्रम का संचालन अभिलाश नलोडे ने किया. कार्यक्रम में पूर्व पार्षद भूषण बनसोड, अशोक हजारे, विनोद गुडधे, भास्कर ढेवले, एड. छाया मिश्रा, सुचिता केवले, प्रा. डॉ. अजय बोंडे, राम चव्हाण, राजू टाके, राष्ट्रवादी विद्यार्थी कांग्रेस के शहराध्यक्ष संकेत बोके, राकांपा शहराध्यक्ष ऋतुराज राउत, आकाश हिवसे समेत शिक्षक, सामाजिक कार्यकर्ता, पालक और विद्यार्थी बडी संख्या में उपस्थित थे.





