चक्रधर पेट्रोल पंप के पास दर्दनाक सड़क हादसा, चार घायल

तेज रफ्तार बाइक का बिगड़ा संतुलन

टक्कर इतनी जोरदार कि सड़क पर बिखर गए बाइक के टुकड़े
अमरावती/दि.30 – नांदगांव पेठ थाना क्षेत्र के चक्रधर पेट्रोल पंप के पास बुधवार देर शाम तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई. हादसा इतना जोरदार था कि बाइक के कई हिस्से टूटकर सड़क पर बिखर गए. दुर्घटना में चार लोग घायल हुए हैं. हादसे के बाद घटनास्थल पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया.
जानकारी के मुताबिक चक्रधर पेट्रोल पंप के समीप तेज रफ्तार से जा रही बाइक अचानक अनियंत्रित हो गई. संतुलन बिगड़ने के बाद बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गई. हादसे में बाइक सवारों को गंभीर चोटें आईं. टक्कर की तेज आवाज सुनकर आसपास के नागरिक तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और घायलों की मदद शुरू की. स्थानीय नागरिकों ने तत्काल नांदगांव पेठ पुलिस को हादसे की जानकारी दी. सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची. एंबुलेंस की सहायता से सभी घायलों को उपचार के लिए अमरावती के इरविन अस्पताल में भर्ती कराया गया. अस्पताल में घायलों का उपचार जारी है. हादसे में घायलों के नाम नांदगांव पेठ निवासी शेख अंसार शेख सालार (55), कार्तिक (20), साहिल अहमद अब्दुल जलील (38) और अभिजीत ठाकुर (34) है. दुर्घटना की जानकारी मिलते ही घायलों के परिजन और परिचित बड़ी संख्या में इर्विन अस्पताल पहुंचे. अस्पताल में रात के समय नागरिकों की भारी भीड जमा हो गई थी. नांदगांव पेठ पुलिस ने घटना की जानकारी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

Back to top button