समर्थ हाईस्कूल के पास भीषण सडक दुर्घटना, एक मृत, एक घायल

मृतक युवक चांदूर रेल्वे तहसील के मालखेड का रहने वाला

* आरोपी बोलेरो पिकअप चालक गिरफ्तार
अमरावती/दि.26 – अमरावती के राजापेठ-बडनेरा रोड पर समर्थ महाविद्यालय के समीप शुक्रवार को सुबह 5.45 बजे के दौरान बोलेरो पिकअप चालक ने अपनी गाडी तेज रफ्तार से लापरवाही से चलाते हुए एक्टीवा को जोरदार टक्कर मार दी. इस भीषण सड़क हादसे में एक्टिवा सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया. हादसे के बाद पुलिस तत्काल मौके पर पहुंचकर आरोपी बोलेरो पिकअप चालक को गिरफ्तार कर वाहन जब्त कर लिया है. हादसे में मृत युवक का नाम चांदूर रेल्वे तहसील के मालखेड ग्राम निवासी स्वप्नील उर्फ गोलू सारंगधर पाटिल (28) है. जबकि जख्मी युवक का नाम गोपाल नगर निवासी अभिषेक शंकर वानखडे (24) है. आरोपी चालक का नाम सातुर्णा के क्रांति कालोनी निवासी निखिल निर्मल कुशवाह (19) है.
जानकारी के मुताबिक यह भीषण दुर्घटना शुक्रवार को सुबह 5.45 बजे के दौरान हुई. बोलेरो पिकअप क्रमांक एमएच-27/बीएक्स-7570 के चालक निखिल कुशवाह ने अपनी गाडी तेज रफ्तार से लापरवाही से चलाते हुए दुपहिया क्रमांक एमएच-27/डीवाय-5807 को जोरदार टक्कर मार दी. दुर्घटना इतनी भीषण थी कि, बोलेरो पिकअप का सामने का हिस्सा काफी क्षतिग्रस्त हो गया. इस हादसे में चारपहिया वाहन की चपेट में मोपेड आने से चालक मालखेड निवासी स्वप्नील पाटिल की घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई, जबकि उसका साथी अभिषेक वानखडे गंभीर रुप से घायल हो गया. हादसे के बाद घटनास्थल पर नागरिकों की भारी भीड जमा हो गई. दुर्घटना की जानकारी मिलते ही राजापेठ पुलिस का दल भी तत्काल घटनास्थल आ पहुंचा. पुलिस के दल ने आरोपी बोलेरो पिकअप चालक को गिरफ्तार कर वाहन कब्जे में ले लिया. जख्मी अभिषेक वानखडे को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया. जहां उस पर उपचार जारी है. घटना की गंभीरता को देखते हुए मौके पर फारेंसिक दल को बुलाया गया. आरोपी चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर राजापेठ पुलिस ने जांच शुरु की है.

Back to top button