तीसरे बच्चे के लिए मातृत्व अवकाश कितना उचित?
महिलाओं का अधिकार मान्य

* अमृता फडणवीस ने उठाया जनसंख्या का मुद्दा
नागपुर /दि.20- तमिलनाडु सरकार द्वारा तीसरे बच्चे के जन्म पर मातृत्व अवकाश देने के फैसले को लेकर दिव्यज फाउंडेशन की अध्यक्ष अमृता फडणवीस ने जनसंख्या के मुद्दे पर सवाल उठाया है. उन्होंने कहा कि बच्चे को जन्म देने वाली महिला को उसके पालन-पोषण के लिए पर्याप्त समय और छुट्टी मिलना उसका अधिकार है. हालांकि, देश की आबादी पहले से ही काफी अधिक है, ऐसे में तीसरे बच्चे के लिए मातृत्व अवकाश देने के फैसले की उपयुक्तता पर भी विचार किया जाना चाहिए.
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री की पत्नी अमृता फडणवीस ने कहा कि महिलाओं के अधिकारों को मान्यता देना जरूरी है, लेकिन इसके साथ ही देश की जनसंख्या और उससे जुड़ी चुनौतियों को भी ध्यान में रखना चाहिए. तीसरे बच्चे के लिए मातृत्व अवकाश की व्यवस्था सामाजिक और जनसंख्या संबंधी दृष्टिकोण से कितनी उचित है, इस पर व्यापक चर्चा की आवश्यकता है.
* बालिका सुरक्षा पर भी जताई चिंता
जुन्नर में बालिका के साथ अत्याचार और हत्या की घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए अमृता फडणवीस ने कहा कि लड़कियों की सुरक्षा के लिए कानून बनाए गए हैं और घटना के बाद कार्रवाई भी की जाती है. लेकिन इसके बावजूद समाज के तौर पर हमें यह विचार करने की जरूरत है कि आखिर हम कहां कमी रह जा रही है. उन्होंने कहा कि केवल कानून बनाना पर्याप्त नहीं है. बालिकाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए समाज में जागरूकता, जिम्मेदारी और संवेदनशीलता बढ़ाना भी उतना ही आवश्यक है.