संजय गायकवाड़ को क्या आपत्तिजनक लगा, पूछूंगा
मैंने भी किताब नहीं पढ़ी’ - मंत्री उदय सामंत

मुंबई/दि.24 – महाराष्ट्र की राजनीति में इन दिनों ‘शिवाजी कौन था’ पुस्तक को लेकर विवाद गहराता जा रहा है. इस मुद्दे पर प्रतिक्रिया देते हुए राज्य के मंत्री उदय सामंत ने कहा कि वह पहले संजय गायकवाड़ से बात कर यह जानेंगे कि उन्हें पुस्तक में आखिर क्या आपत्तिजनक लगा. उन्होंने स्पष्ट किया कि उन्होंने खुद भी अभी तक शिवाजी कौन था पुस्तक नहीं पढ़ी है. पुस्तक पढ़ने के बाद ही इस पर ठोस राय रखी जा सकती है. सामंत ने कहा कि गायकवाड़ ने वास्तव में पुस्तक पढ़ी है या नहीं, यह भी स्पष्ट नहीं है.
* क्या है पूरा विवाद?
दिवंगत लेखक गोविंद पानसरे की इस पुस्तक को लेकर विवाद तब बढ़ा, जब संजय गायकवाड़ पर इसके प्रकाशक को कथित तौर पर धमकी देने और अपशब्द कहने के आरोप लगे. इस घटना के बाद राज्य की राजनीति में आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया है.
* मराठी भाषा पर भी दिया बयान
मंत्री सामंत ने परिवहन से जुड़े एक मुद्दे पर कहा कि टैक्सी चालकों को मराठी भाषा आना यात्रियों की सुविधा के लिए जरूरी है, लेकिन किसी पर भाषा थोपने का प्रयास नहीं किया जा रहा है. इस संदर्भ में प्रताप सरनाईक के बयान का भी उन्होंने समर्थन किया.
* अन्य मुद्दों पर भी बोले
विधान परिषद चुनाव को लेकर सामंत ने कहा कि महाविकास आघाड़ी क्या फैसला लेती है, यह देखना होगा, जबकि उनकी ओर से पूरी तैयारी है. साथ ही बढ़ते तापमान के प्रभाव को कम करने के लिए कृषि क्षेत्र में उपाय किए जा रहे हैं, जिसमें बारामती एग्रीकल्चर ट्रस्ट के साथ मिलकर काजू और आम की फसलों पर काम किया जा रहा है. सरकार की ओर से यह भी संकेत दिया गया कि पर्यावरण को नुकसान पहुंचाने वाली और केमिकल युक्त पानी छोड़ने वाली कंपनियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी.





