विषबाधा प्रकरण में कंपनी के खिलाफ मामला दर्ज करने के निर्देश

मंत्री अशोक उईके का बडा फैसला, कुछ दिनों तक सेंट्रल किचन रहेगा बंद

अमरावती/दि.27 – धारणी तहसील के टिटंबा स्थित शासकीय आदिवासी आश्रमशाला में छात्रों के संदिग्ध फूड पॉइजनिंग मामले को गंभीरता से लेते हुए आदिवासी विकास मंत्री डॉ. अशोक उईके ने बड़ा निर्णय लिया है. उन्होंने संबंधित कंपनी के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज करने के निर्देश दिए हैं. साथ ही राज्य की आदिवासी आश्रमशालाओं में संचालित सेंट्रल किचन व्यवस्था को कुछ दिनों के लिए बंद रखने की घोषणा की है.
शनिवार को टिटंबा आश्रमशाला के करीब 70 विद्यार्थियों को उल्टी, मितली और पेट दर्द की शिकायत होने पर उन्हें धारणी उपजिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था. घटना की जानकारी मिलते ही मंत्री डॉ. उईके ने तत्काल धारणी पहुंचकर अस्पताल में भर्ती विद्यार्थियों से मुलाकात की और डॉक्टरों से उनके स्वास्थ्य की विस्तृत जानकारी ली. उन्होंने छात्रों के परिजनों से भी बातचीत कर उन्हें भरोसा दिलाया. इसके बाद मंत्री डॉ. उईके ने टिटंबा आश्रमशाला का दौरा कर घटनास्थल का निरीक्षण किया. उन्होंने विद्यार्थियों, अभिभावकों, आदिवासी संगठनों के प्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक कर पूरे मामले की समीक्षा की.
विद्यार्थियों के स्वास्थ्य को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए टिटंबा आश्रमशाला के लिए सेंट्रल किचन से भोजन आपूर्ति तत्काल बंद करने का निर्णय लिया गया. मंत्री ने कहा कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए पूरी व्यवस्था की समीक्षा कर आवश्यक सुधार किए जाएंगे. उन्होंने स्पष्ट किया कि इस मामले में दोषी अधिकारी, कर्मचारी या संबंधित संस्था को किसी भी हालत में संरक्षण नहीं दिया जाएगा. जांच रिपोर्ट के आधार पर कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी. बैठक में विद्यार्थियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने, दोषियों पर मामला दर्ज करने और स्थायी समाधान लागू करने की मांग भी उठाई गई. मंत्री के हस्तक्षेप के बाद प्रशासन ने महत्वपूर्ण निर्णयों की घोषणा करते हुए लिखित आश्वासन दिया. इसके बाद विद्यार्थी, अभिभावक और आदिवासी संगठनों ने अपना आंदोलन वापस ले लिया तथा मंत्री डॉ. अशोक उईके का आभार व्यक्त किया. मंत्री डॉ. उईके ने कहा कि विद्यार्थियों के स्वास्थ्य और सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा तथा सरकार उनके हितों की रक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है.

Back to top button