अभिजीत दीपके को रिपाई में आने का न्यौता
केंद्रीय राज्यमंत्री रामदास आठवले ने दी खुली पेशकश

रत्नागिरी/चिपलूण/दि.17- केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्य मंत्री तथा रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (आठवले) के राष्ट्रीय अध्यक्ष रामदास आठवले ने नीट परीक्षा के कथित पेपर लीक मामले को लेकर देशभर में चर्चा में आए सामाजिक कार्यकर्ता एवं ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ के संस्थापक अभिजीत दीपके को अपनी पार्टी में शामिल होने का खुला आमंत्रण दिया है. आठवले ने कहा कि दीपके ने पेपर लीक के खिलाफ प्रभावी जनजागरण किया है और अब उन्हें रिपब्लिकन पार्टी के साथ जुड़कर व्यापक स्तर पर काम करना चाहिए.
चिपलूण में पत्रकारों से बातचीत करते हुए केंद्रीय राज्यमंत्री आठवले ने कहा कि रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर के विचारों पर आधारित एक समावेशी राजनीतिक दल है, जिसमें सभी जाति, धर्म और वर्गों के लोगों का स्वागत है. अभिजीत दीपके के राजनीतिक सफर का उल्लेख करते हुए आठवले ने कहा कि वे पहले अन्ना हजारे के आंदोलन से जुड़े रहे हैं और अरविंद केजरीवाल की टीम के साथ भी काम कर चुके हैं. उन्होंने कहा कि दीपके ने युवाओं और विद्यार्थियों से जुड़े मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाया है और अब उन्हें रिपब्लिकन पार्टी के मंच से व्यापक सामाजिक एवं राजनीतिक भूमिका निभानी चाहिए. आठवले ने अभिजीत दीपके के आंदोलन की सराहना करते हुए कहा कि नीट परीक्षा में कथित पेपर लीक का मुद्दा उनके प्रयासों के कारण घर-घर तक पहुंचा. उन्होंने कहा कि परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता और युवाओं के भविष्य की सुरक्षा के लिए ऐसे मुद्दों को उठाना जरूरी है. हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि बार-बार नए राजनीतिक दल बनाने से अपेक्षित परिणाम नहीं मिलते, इसलिए दीपके को रिपब्लिकन पार्टी में शामिल होकर अपनी लड़ाई को और मजबूत बनाना चाहिए.
इस दौरान आठवले ने डॉ. आंबेडकर की राजनीतिक सोच का भी उल्लेख किया. उन्होंने कहा कि बाबासाहेब चाहते थे कि देश में कांग्रेस के मुकाबले एक मजबूत और प्रभावी राजनीतिक विकल्प मौजूद हो. इसी सोच के तहत रिपब्लिकन पार्टी की अवधारणा सामने आई थी, हालांकि उनके जीवनकाल में पार्टी का गठन नहीं हो सका. आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर आठवले ने बताया कि उनकी पार्टी उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब और मणिपुर में चुनिंदा सीटों पर चुनाव लड़ेगी. अन्य सीटों पर भारतीय जनता पार्टी और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) का समर्थन किया जाएगा. उन्होंने कहा कि इन राज्यों में एनडीए को मजबूत करने के लिए पार्टी सक्रिय भूमिका निभाएगी. उन्होंने कहा कि केवल दलित समाज के वोटों के आधार पर चुनाव जीतना संभव नहीं है, इसलिए समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर चलना ही पार्टी की नीति है.
राष्ट्रीय दल का दर्जा हासिल करने की दिशा में प्रयासों का उल्लेख करते हुए आठवले ने कहा कि रिपब्लिकन पार्टी को वर्तमान में नागालैंड और मणिपुर में मान्यता प्राप्त है. यदि दो और राज्यों में मान्यता मिल जाती है तो पार्टी राष्ट्रीय दल का दर्जा प्राप्त करने के करीब पहुंच जाएगी. महाराष्ट्र में भी पार्टी को पुनः राजनीतिक मान्यता दिलाने के लिए संगठन विस्तार का अभियान चलाया जा रहा है. लोकसभा चुनावों के संदर्भ में आठवले ने कहा कि उनकी पार्टी महाराष्ट्र में दो से तीन सीटों पर चुनाव लड़ने की मांग करेगी. यदि पार्टी इनमें से दो सीटें जीतने में सफल रहती है तो राज्य की राजनीति में उसकी स्थिति और मजबूत होगी.





