जरांगे पाटील का अल्टीमेटम आज खत्म, अंतरवाली सराटी में बढ़ी हलचल
सरकार की ओर से बातचीत नहीं होने पर कल से निर्णायक आंदोलन की तैयारी

* 58 लाख कुणबी रिकॉर्ड के प्रमाणपत्र समेत मांगों पर अड़े
जालना/दि.28 – मराठा आरक्षण आंदोलन के नेता मनोज जरांगे पाटील द्वारा राज्य सरकार को दिया गया अल्टीमेटम शुक्रवार 28 अगस्त को समाप्त होने जा रहा है. सरकार की ओर से अब तक दोबारा चर्चा के लिए पहल नहीं किए जाने के बीच जालना जिले के अंतरवाली सराटी में आंदोलन की तैयारियां तेज हो गई हैं. जरांगे पाटील ने संकेत दिया है कि मांगें पूरी नहीं होने पर शनिवार से निर्णायक आंदोलन शुरू किया जाएगा. जरांगे पाटील मराठा समाज के लिए कुणबी प्रमाणपत्र जारी करने से संबंधित 58 लाख रिकॉर्ड के मुद्दे समेत अन्य मांगों पर कायम हैं. उनका कहना है कि सरकार द्वारा इन मांगों पर ठोस निर्णय लिए जाने तक आंदोलन पीछे नहीं लिया जाएगा.
उल्लेखनीय है कि, सरकार की ओर से एक प्रतिनिधिमंडल ने हाल ही में जरांगे पाटील से मुलाकात कर उनसे अनशन नहीं करने का आग्रह किया था. हालांकि, जरांगे अपनी मांगों पर कायम हैं. अब यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि अल्टीमेटम समाप्त होने से पहले सरकार की ओर से कोई नया संवाद या प्रस्ताव आता है या नहीं. अल्टीमेटम की अवधि समाप्त होने के मद्देनजर अंतरवाली सराटी में गतिविधियां बढ़ गई हैं. जरांगे पाटील कार्यकर्ताओं और समाज के प्रमुख लोगों के साथ बैठकें कर आंदोलन की रणनीति पर चर्चा कर रहे हैं.
जरांगे पाटील ने कहा है कि वह शाम तक सरकार की ओर से होने वाली गतिविधियों पर नजर रखेंगे और अपनी कोई भी मांग वापस नहीं लेंगे. उन्होंने कहा कि वे आंदोलन के लिए पूरी तरह तैयार हैं. जरांगे पाटील ने मराठा समाज से घरों में नहीं बैठने और आंदोलन में सहभागी होने की अपील की है. जिन लोगों ने कुणबी प्रमाणपत्र के लिए आवेदन किया है, उन्हें अंतरवाली पहुंचकर दोबारा आवेदन करने की अपील की गई है. जिन लोगों के रिकॉर्ड मिलने के बावजूद प्रमाणपत्र जारी नहीं हुए हैं, उनसे भी आवेदन करने को कहा गया है. उन्होंने समाज को एकजुट होकर अपनी मांगों के लिए संघर्ष करने का आह्वान किया है.
* धाराशिव में भी बैठकों का दौर
आंदोलन की पृष्ठभूमि में धाराशिव जिले में भी गतिविधियां तेज हो गई हैं. सकल मराठा समाज के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की बैठकें शुरू हो गई हैं. इन बैठकों में अंतरवाली सराटी में प्रस्तावित आंदोलन में सहभागिता, कार्यकर्ताओं की व्यवस्था और आगे की रणनीति को लेकर चर्चा की जा रही है.
* सरकार के अगले कदम पर नजर
जरांगे पाटील के अल्टीमेटम की अवधि समाप्त होने के साथ ही राज्य सरकार के अगले कदम पर सभी की नजरें टिकी हैं. सरकार और आंदोलनकारियों के बीच संवाद होता है या फिर शनिवार से अंतरवाली सराटी में आंदोलन का नया चरण शुरू होता है, यह आने वाले घंटों में स्पष्ट होने की संभावना है.





