अ.नगर के नेवासा में भाजपा नेता पर भीड़ का हमला
जिला उपाध्यक्ष ऋषी शेटे की कार में तोड़फोड़

* हाथ पर चाकू से वार का आरोप
* 90-100 लोगों के खिलाफ मामला, कई हिरासत में
अहिल्यानगर/दि.28 – जिले के नेवासा में भाजपा के जिला उपाध्यक्ष ऋषी शेटे पर भीड़ द्वारा हमला किए जाने की घटना से तनाव की स्थिति पैदा हो गई. गुरुवार शाम हुई इस घटना में शेटे की कार में तोड़फोड़ की गई, जबकि हमलावरों में से कुछ लोगों द्वारा उनके हाथ पर चाकू से वार करने का आरोप है. पुलिस ने मामले में करीब 90 से 100 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार कई संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, नेवासा में ज्ञानेश्वर मंदिर की ओर जाने वाले मार्ग पर अनधिकृत फेरीवालों और अतिक्रमण को हटाने के लिए नगरपंचायत की टीम कार्रवाई कर रही थी. कार्रवाई का कुछ फेरीवालों ने विरोध किया. इसी दौरान भाजपा जिला उपाध्यक्ष ऋषी शेटे की कार वहां से गुजर रही थी. बताया जा रहा है कि अतिक्रमण हटाने की शिकायत शेटे द्वारा किए जाने की जानकारी कुछ लोगों को थी. कार्रवाई के दौरान उनकी कार पथक के पीछे से गुजरने के कारण कुछ लोगों में गलतफहमी पैदा हो गई और देखते ही देखते विवाद बढ़ गया. विवाद बढ़ने के बाद भीड़ ने शेटे की कार को घेर लिया और उसमें तोड़फोड़ शुरू कर दी. आरोप है कि भीड़ में शामिल कुछ लोगों ने शेटे पर भी हमला किया और उनके हाथ पर चाकू से वार किया. घटना के दौरान बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए थे.
घटना की सूचना मिलते ही नेवासा पुलिस का दल तत्काल मौके पर पहुंचा. पुलिस ने हस्तक्षेप कर शेटे को भीड़ से सुरक्षित बाहर निकाला और स्थिति को नियंत्रण में किया. घटना के बाद पुलिस ने रात में करीब 90 से 100 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया. पुलिस ने अब तक कई लोगों को हिरासत में लिया है. अलग-अलग रिपोर्टों में हिरासत में लिए गए लोगों की संख्या 7 से 8 बताई गई है. पुलिस द्वारा आरोपियों की पहचान और उनकी भूमिका की जांच की जा रही है.