बस स्टैंड पर महिला के बैग से ढाई लाख से अधिक के गहने और नकदी चोरी
बस में चढ़ते समय भीड़ का फायदा उठाकर अज्ञात चोर ने दिया वारदात को अंजाम

* सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
दर्यापुर /दि.24– स्थानीय बस स्टैंड पर बस में चढ़ते समय एक महिला के बैग से अज्ञात चोर ने सोने के आभूषण और नकदी समेत ढाई लाख रुपये से अधिक का माल चुरा लिया. यह घटना 22 सितंबर की शाम करीब 4.30 से 5 बजे के बीच हुई. मामले में दर्यापुर पुलिस ने 58 वर्षीय वर्षा की शिकायत पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
जानकारी के मुताबिक वर्षा को उनके पति अरुण दोपहिया वाहन से दरियापुर बस स्टैंड पर छोड़ने आए थे. इसके बाद वर्षा बस में सवार होने लगीं.बस में यात्रियों की काफी भीड़ थी. इसी भीड़ का फायदा उठाकर किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनके हाथ में मौजूद बैग की चेन खोलकर उसमें रखे कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया. बस में चढ़ने के कुछ देर बाद वर्षा की नजर बैग पर गई तो उसकी चेन खुली हुई थी. उन्होंने बैग की जांच की तो उसमें रखा 25 ग्राम सोने का बार, 10 ग्राम की सोने की बाली, एक हार, करीब 3 ग्राम की अंगूठी और 15 हजार रुपये नकद गायब मिले.चोरी गए माल की कुल कीमत ढाई लाख रुपये से अधिक बताई गई है.घटना का पता चलते ही महिला घबरा गई और तत्काल दरियापुर पुलिस स्टेशन पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने अज्ञात चोर के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस अब बस स्टैंड तथा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है. बस में महिला के आसपास मौजूद यात्रियों और संदिग्ध व्यक्तियों की गतिविधियों की भी जांच की जा रही है. आरोपी की पहचान के लिए पुलिस विभिन्न सुरागों पर काम कर रही है.
* बस स्टैंड पर महिला यात्रियों को बनाया जा रहा निशाना
पिछले कुछ समय से दरियापुर ही नहीं, बल्कि जिले के विभिन्न बस स्टैंडों और एसटी बसों में चढ़ते समय महिला यात्रियों के बैग से कीमती सामान चोरी होने की घटनाएं सामने आ रही हैं. भीड़ का फायदा उठाकर चोर वारदात को अंजाम देते हैं और यात्रियों को इसकी भनक तक नहीं लगती. इस घटना के बाद बस स्टैंड की सुरक्षा व्यवस्था और यात्रियों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं.





