लालपरी के एनसीएमसी कार्ड के नियम बदले
बायोमेट्रिक फेल तो आधार ओटीपी से रजिस्ट्रेशन

* कार्ड खोने पर 199 में मिलेगा नया कार्ड
अमरावती/दि. 24– महाराष्ट्र राज्य मार्ग परिवहन महामंडल (एसटी) ने रियायती यात्रा करने वाले अमृत ज्येष्ठ नागरिक, ज्येष्ठ नागरिक और महिला यात्रियों के लिए एनसीएमसी कार्ड के पंजीकरण और वितरण प्रक्रिया में महत्वपूर्ण बदलाव किए हैं. अब बायोमेट्रिक सत्यापन में परेशानी होने पर आधार से जुड़े मोबाइल नंबर पर आने वाले ओटीपी के जरिए पंजीकरण पूरा किया जा सकेगा. यह सुविधा 21 सितंबर से लागू की गई है.
* बायोमेट्रिक नहीं मिला तो ओटीपी का विकल्प
उम्र बढ़ने के कारण कई वरिष्ठ नागरिकों के उंगलियों के निशान बायोमेट्रिक मशीन पर मैच नहीं हो पाते हैं. ऐसे लाभार्थियों का पंजीकरण अटकने से उन्हें रियायती यात्रा का लाभ लेने में परेशानी होती थी. अब बायोमेट्रिक सत्यापन असफल होने पर आधार से लिंक मोबाइल नंबर पर प्राप्त ओटीपी के जरिए पंजीकरण पूरा किया जा सकेगा. इससे ऐसे यात्रियों को राहत मिलने की उम्मीद है.
* कार्ड खोया तो पुराना ब्लॉक कराकर नया मिलेगा
एनसीएमसी कार्ड खो जाने या चोरी होने की स्थिति में भी यात्रियों के लिए नई सुविधा शुरू की गई है. पुराना कार्ड ब्लॉक कराने के बाद 199 शुल्क देकर नए कार्ड के लिए पंजीकरण कराया जा सकेगा. इससे पुराने कार्ड के गलत इस्तेमाल की आशंका को रोकने के साथ ही यात्रियों को दोबारा पूरी प्रक्रिया करने की परेशानी नहीं होगी.
* 25 सितंबर से कार्ड का वितरण
19 सितंबर तक एनसीएमसी कार्ड के लिए पंजीकरण करा चुके लाभार्थियों को 25 सितंबर से कार्ड वितरित किए जाएंगे. वहीं, 16 सितंबर से पंजीकरण कराने वाले लाभार्थियों को क्यूआर कोड वाली पावती दी जा रही है. यह पावती फिलहाल रियायती यात्रा के लिए उपयोग की जा सकेगी.
* 30 दिन तक क्यूआर पावती से रियायती यात्रा
क्यूआर कोड वाली पंजीकरण पावती को एसटी की इलेक्ट्रॉनिक टिकटिंग मशीन पर स्कैन किया जा सकेगा. इसके जरिए पात्र यात्रियों को एनसीएमसी कार्ड मिलने तक रियायती टिकट का लाभ मिलता रहेगा. यह क्यूआर पावती 30 दिनों तक वैध रहेगी. इस अवधि में लाभार्थियों को अपना एनसीएमसी कार्ड एक्टिवेट कर उसमें आवश्यक टॉप-अप करना होगा.
* रियायती यात्रा में रुकावट नहीं
एनसीएमसी कार्ड व्यवस्था को लेकर यात्रियों को आ रही तकनीकी और पंजीकरण संबंधी दिक्कतों को देखते हुए एसटी महामंडल ने ये बदलाव किए हैं. बायोमेट्रिक में समस्या होने पर ओटीपी, कार्ड खोने पर नया कार्ड और कार्ड मिलने में देरी होने पर क्यूआर पावती के जरिए रियायती यात्रा-इन सुविधाओं से पंजीकरण और रियायत का लाभ लेने की प्रक्रिया आसान होने की उम्मीद है.





