इंडियन न्यूजपेपर सोसायटी के अध्यक्ष बने करण राजेंद्र दर्डा

‘दैनिक हिंदुस्थान’ के प्रबंध संपादक विलास मराठे राष्ट्रीय कार्यकारिणी में चुने गए

* अमरावती और विदर्भ का राष्ट्रीय स्तर पर गौरव
नई दिल्ली/दि.7- देशभर के समाचार पत्रों, पत्रिकाओं और मासिक प्रकाशनों के प्रकाशकों की सर्वोच्च संस्था द इंडियन न्यूजपेपर सोसायटी (आईएनएस) के वर्ष 2026-27 के अध्यक्ष पद पर ‘लोकमत’ के करण राजेंद्र दर्डा का चयन किया गया है. वे निवर्तमान अध्यक्ष विवेक गुप्ता (सन्मार्ग) से अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी संभालेंगे.
आईएनएस की 87वीं वार्षिक आमसभा सोमवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित की गई. इस दौरान वर्ष 2026-27 के लिए नए पदाधिकारियों और राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्यों के चयन की घोषणा की गई. ‘अमर उजाला’ के तन्मय माहेश्वरी और ‘वनिता’ के हर्ष मैथ्यू को उपाध्यक्ष चुना गया है, जबकि ‘गृहशोभिका’ के अनंत नाथ को मानद कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है. संस्था की महासचिव के रूप में मैरी पॉल कार्यरत हैं.
* विलास मराठे को राष्ट्रीय स्तर पर महत्वपूर्ण जिम्मेदारी
आईएनएस की नई राष्ट्रीय कार्यकारिणी में अमरावती के ‘दैनिक हिंदुस्थान’ के प्रबंध संपादक विलास अरुण मराठे का सदस्य के रूप में चयन किया गया है. पत्रकारिता, समाचार पत्र प्रबंधन और प्रकाशन क्षेत्र में उनके लंबे अनुभव को देखते हुए उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिली है. विलास मराठे की राष्ट्रीय कार्यकारिणी में नियुक्ति को अमरावती और विदर्भ के पत्रकारिता एवं प्रकाशन क्षेत्र के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है. देश के प्रमुख समाचार पत्र समूहों के प्रतिनिधियों के साथ उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर समाचार पत्र उद्योग से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर काम करने का अवसर मिलेगा.
* देश के प्रमुख समाचार पत्र समूहों के प्रतिनिधि शामिल
आईएनएस की राष्ट्रीय कार्यकारिणी में देश के प्रमुख समाचार पत्र समूहों के प्रतिनिधियों को स्थान दिया गया है. इनमें ‘दैनिक थांती’ के एस. बालसुब्रमण्यम आदित्यन, ‘दैनिक भास्कर’ के गिरीश अग्रवाल, ‘बॉम्बे समाचार’ के होर्मुसजी एन. कामा, ‘पंजाब केसरी’ के विजयकुमार चोपड़ा, ‘लोकमत’ के डॉ. विजय जवाहरलाल दर्डा, ‘इंडियन एक्सप्रेस’ के विवेक गोयनका, ‘दैनिक जागरण’ के महेंद्र मोहन गुप्ता, ‘पुढारी’ के योगेश पी. जाधव, ‘आनंदबाजार पत्रिका’ के ध्रुब मुखर्जी, ‘सकाल’ की जान्हवी अभिजित पवार, ‘द टेलीग्राफ’ के अतिदेब सरकार और ‘तरुण भारत’ के डॉ. किरण डी. ठाकुर सहित अन्य प्रमुख प्रकाशन समूहों के प्रतिनिधि शामिल हैं.
* अमरावती के पत्रकारिता जगत में हर्ष
विलास अरुण मराठे के राष्ट्रीय कार्यकारिणी में चयन पर अमरावती और विदर्भ के पत्रकारिता, सामाजिक, शैक्षणिक तथा प्रकाशन क्षेत्र से जुड़े अनेक गणमान्य लोगों ने उनका अभिनंदन किया है. मराठे के लंबे अनुभव को राष्ट्रीय स्तर पर मिली यह मान्यता अमरावती के समाचार पत्र जगत के लिए भी महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है.

Back to top button