बीसी के पैसों को लेकर पडोसियों ने एक-दूसरे पर किया जानलेवा हमला
पिता-पुत्री व एक अन्य गंभीर रुप से घायल

* माहुली जहांगीर थाना क्षेत्र की घटना
अमरावती/दि.7 – बीसी के बकाया पैसों को लेकर हुए विवाद में पडोसियों ने एक-दूसरे पर जानलेवा हमला कर दिया. इस हमले में एक परिवार के पिता-पुत्री और दूसरे परिवार का एक सदस्य गंभीर रुप से घायल हो गये. यह घटना माहुली जहांगीर थाना क्षेत्र में घटित हुई. पुलिस ने दोनों परिवार के 4 सदस्यों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर जांच शुरु की है.
जानकारी के मुताबिक माहुली जहांगीर गांव के वार्ड नं. 5 निवासी शिकायतकर्ता मो. आसिफ शेख गुलाम ने दर्ज की शिकायत में आरोप किया है कि, उसके घर के बगल में रहने वाले आरोपी मो. जावेद शेख नासीर (45) से बीसी के बकाए के रूप में 2 लाख 70 हजार रुपये की मांग की. इसी बात को लेकर आरोपी मो. जावेद और मो. शहजाद मो. नासीर (25) ने शिकायतकर्ता मो. आसिफ के साथ गाली-गलौज करते हुए उसे जान से मारने की धमकी दी. आरोप है कि दोनों ने शिकायतकर्ता और उसकी बेटी को जान से मारने के इरादे से हमला करने का प्रयास किया. इस दौरान शिकायतकर्ता के माथे पर ईंट मारकर उसे घायल करने की कोशिश की गई. वहीं दूसरी तरफ मो. जावेद शेख नासीर द्वारा दर्ज की गई शिकायत में आरोप किया गया है कि, वह घर की तरफ आ रहा था, तब पडोस में रहने वाले मो. आसिफ शेख गुलाब (45) और उसके बेटे मो. फैजान मो. आसिफ (25) ने बीसी के 6 हजार रुपए मांगने के कारण पर से गालीगलौज कर जान से मारने की धमकी दी और चाकू से हमला कर हत्या करने का प्रयास किया. दोनों पक्षों की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मो. जावेद, मो. शहजाद, मो. आसिफ और मो. फैजान के खिलाफ बीएनएस की धारा 109 (1), 352, 351 (2), 3 (5) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरु की है.





